UP में जल्द दस्तक देगा मानसून: 28 जून से झमाझम बारिश के आसार, भीषण गर्मी और लू से मिलेगी राहत

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी और लू की मार झेल रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो से तीन दिनों के भीतर दक्षिण-पश्चिम मानसून प्रदेश में प्रवेश कर सकता है। 27 जून से पूर्वी उत्तर प्रदेश में मानसूनी बारिश की शुरुआत के संकेत मिल रहे हैं, जबकि 28 जून से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश होने की संभावना जताई गई है। गुरुवार देर रात पूर्वांचल के महराजगंज जिले में प्री-मानसून बारिश दर्ज की गई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली और किसानों के चेहरों पर भी खुशी लौट आई।

प्रदेश में इस समय मौसम का मिला-जुला असर देखने को मिल रहा है। बुंदेलखंड, पूर्वांचल और तराई के कई जिलों में लू का प्रकोप बना हुआ है, जबकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर, आगरा, अलीगढ़ और मथुरा समेत कई जिलों में कहीं तेज हवाएं चल रही हैं तो कहीं हल्की बूंदाबांदी हो रही है। भारतीय मौसम विभाग ने गोंडा, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, लखनऊ और बाराबंकी समेत नौ जिलों के लिए लू का येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग का कहना है कि 27 जून तक प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में गर्मी और लू का असर बना रहेगा। हालांकि, इस दौरान पूर्वी यूपी, तराई और कुछ अन्य इलाकों में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश भी हो सकती है।

29 जून से और सक्रिय होगा मानसून, गरज-चमक के साथ होगी बारिश

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले तीन से चार दिनों में मानसून के उत्तर प्रदेश में प्रवेश की प्रबल संभावना है और इसकी शुरुआत पूर्वी उत्तर प्रदेश के रास्ते होगी। 29 जून से पूर्वी यूपी और तराई क्षेत्र में मौसम तेजी से बदलेगा। 29 और 30 जून के साथ 1 जुलाई तक प्रदेश के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। इस दौरान तेज हवाएं भी चल सकती हैं। बारिश का सिलसिला शुरू होने के बाद प्रदेशवासियों को लंबे समय से जारी भीषण गर्मी, लू और उमस से काफी राहत मिलने की उम्मीद है।

28 जून से बारिश का नया दौर, जून के अंत तक बदलेगा मौसम

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक 28 जून से प्रदेश में बारिश का नया दौर शुरू होने की संभावना है, जो धीरे-धीरे और अधिक सक्रिय होगा। मानसून के आगे बढ़ने के साथ जून के अंतिम सप्ताह में प्रदेशवासियों को भीषण गर्मी और उमस से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम वैज्ञानिक मोहम्मद दानिश ने बताया कि फिलहाल प्रदेश में गर्म पछुआ हवाओं का प्रभाव बना हुआ है, जिसके चलते पूर्वी उत्तर प्रदेश में अगले तीन से चार दिनों तक लू चलने की संभावना है। इसके मद्देनज़र संबंधित क्षेत्रों के लिए अलर्ट भी जारी किया गया है। वहीं, प्रदेश के उत्तरी हिस्सों में पूर्वी हवाओं का आगमन शुरू हो गया है, जिसके कारण पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी और छिटपुट बारिश देखने को मिल रही है।