
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 4 मई के बाद से मौसम ने अचानक करवट ले ली है। मौसम विभाग ने 10 मई तक राज्य के 45 जिलों में आंधी, तेज हवाओं और बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण प्रदेशभर में गरज-चमक के साथ बारिश, तेज हवाएं और कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। विभाग के अनुसार 6 और 7 मई को हवाओं की रफ्तार 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है, जबकि कई जिलों में बिजली गिरने का भी खतरा बना हुआ है। हालांकि, इस बदले मौसम के चलते फिलहाल हीटवेव की कोई आशंका नहीं है।
बता दें कि बीते 5 मई को प्रदेश के कई हिस्सों में तेज आंधी और बारिश ने भारी नुकसान पहुंचाया। संभल में सबसे अधिक 130 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। गाजीपुर में कच्चे मकान की दीवार गिरने से एक किसान की मौत हो गई, वहीं हमीरपुर में टीनशेड गिरने से एक महिला की जान चली गई। आगरा, चित्रकूट, लखीमपुर खीरी, अयोध्या, सीतापुर और बाराबंकी समेत कई जिलों में जनजीवन प्रभावित रहा और लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
इन जिलों में जारी अलर्ट
मौसम विभाग ने झांसी, वाराणसी, गाजीपुर, कौशांबी, गौतमबुद्ध नगर, मुजफ्फरनगर, बलिया, अलीगढ़, गोरखपुर, कुशीनगर, बहराइच, लखीमपुर खीरी, बरेली, इटावा, हमीरपुर, महोबा, प्रयागराज, रामपुर, मथुरा, मिर्जापुर, सोनभद्र, चंदौली, ललितपुर और गाजियाबाद समेत कई जिलों में अलर्ट जारी किया है। लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल सिंह के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ का असर अगले कुछ दिनों तक बना रहेगा। वहीं मौसम विभाग और जिला प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। आंधी-बारिश के दौरान खुले में न निकलने, बिजली गिरने और तेज हवाओं से बचाव करने की सलाह दी गई है।