
लखनऊ। प्रदेश की राजधानी लखनऊ में भीषण गर्मी का दौर शुरू हो गया है। सोमवार सुबह से ही तेज धूप निकलने के साथ हल्की पछुआ हवाओं ने मौसम में गर्मी और बढ़ा दी। दोपहर 12 बजे तक शहर का तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। सड़कों पर निकलने वाले लोग छाता और गमछा ओढ़कर ही धूप से बचने की कोशिश करते नजर आए।
दोपहर में स्कूल से लौटते बच्चे गर्मी से बेहाल
स्कूलों की छुट्टी के बाद दोपहर में घर लौटते बच्चे तेज धूप और गर्म हवाओं से परेशान दिखे। 1090 चौराहे पर एक छात्र ने बताया कि धूप काफी तेज है और लू चल रही है। उसने लोगों से अपील की कि बिना जरूरत के घर से बाहर न निकलें और लगातार पानी पीते रहें, ताकि गर्मी के असर से बचा जा सके।
तापमान सामान्य से अधिक, राहत के आसार कम
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 41 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री रहने की संभावना है। रविवार को अधिकतम तापमान 41.9 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.4 डिग्री अधिक था। वहीं न्यूनतम तापमान 24.4 डिग्री रहा, जो सामान्य से 2.8 डिग्री ज्यादा है।
पछुआ हवाओं और प्रतिचक्रवात का असर
मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, प्रदेश में निचले क्षोभ मंडल में चल रही पछुआ हवाओं और आंतरिक महाराष्ट्र के आसपास बने प्रतिचक्रवात के प्रभाव से उत्तराखंड के तराई क्षेत्रों को छोड़कर लगभग पूरे प्रदेश में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है।
आने वाले दिनों में लू के थपेड़ों का अनुमान
मौसम विभाग का अनुमान है कि आगामी सप्ताह में तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा और गर्मी का असर बना रहेगा। अगले 4-5 दिनों के दौरान प्रदेश के कुछ हिस्सों में लू चलने की संभावना है। साथ ही, रात के तापमान में भी बढ़ोतरी हो सकती है और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अगले 2-3 दिनों में कुछ स्थानों पर ‘वार्म नाइट’ की स्थिति बनने के आसार हैं।