पूरी दुनिया में 42 मिनट तक ठप रहे वॉट्सऐप, इंस्टाग्राम और फेसबुक

नई दिल्ली। दुनियाभर के कई देशों में यूजर्स को फेसबुक ग्रुप की सर्विसेस को इस्तेमाल करने में परेशानी हुई। कंपनी की तरफ से इस समस्या के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई है। पूरी दुनिया के फेसबुक, वॉट्सऐप और इंस्टाग्राम यूजर्स शुक्रवार रात को करीब 42 मिनट तक इन सोशल साइट्स को इस्तेमाल नहीं कर सके। फेसबुक की मैसेंजर सर्विस को भी लोग इस्तेमाल नहीं सके। ये समस्या शुक्रवार की रात को 11.05 मिनट पर शुरू हुई और रात करीब 11:47 बजे तक बनी रही।

रात 11.42 बजे काम करना शुरू हुआ

जानकारी के मुताबिक, भारत में कुछ यूजर्स के फेसबुक ऐप ने रात 11.42 बजे काम करना शुरू किया था। इसके बाद भी कई यूजर्स को मैसेज भेजने में परेशानी हुई। वॉट्सऐप ने देर रात सर्विस शुरू होने की जानकारी दी। साथ ही, यूजर्स को धन्यवाद भी दिया।

 सर्विस सभी जगह डाउन रही

सर्विस तीनों प्लेटफॉर्म के डाउन होने की समस्या एंड्रायड, IOS और PC सभी पर दिखाई दी। एक ओर जहां फेसबुक और इंस्टाग्राम यूजर्स न्यूज फीड को अपडेट नहीं कर सके, तो वहीं वॉट्सऐप यूजर्स कोई भी मैसेज नहीं भेज पाए। हालांकि इन तीनों की सेवाएं किस वजह से ठप हुई इसका पता नहीं चल पाया। उधर, फेसबुक ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में यूजर्स से किसी भी तरह की परेशानी को रिपोर्ट करने की अपील की।

दुनियाभर के लोगों ने दर्ज कराई परेशानी

डाउन डिटेक्टर के मुताबिक, करीब 38 हजार लोगों ने वॉट्सऐप के साथ समस्या की जानकारी दी। इंस्टाग्राम के साथ 30 हजार लोगों ने और फेसबुक के साथ 1600 लोगों ने अब तक इस मुद्दे को उठाया। ये यूजर्स दुनिया के अलग-अलग हिस्सों से हैं। भारत की बात की जाए, तो लोगों ने दूसरी सोशल मीडिया साइट्स पर इस समस्या के बारे में बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *