गोंडा: समीक्षा बैठक में पर्यावरण संरक्षण, नालों की सफाई और जनहित योजनाओं की प्राथमिकता पर जोर

डीएम प्रियंका निरंजन की अध्यक्षता में विभागीय समीक्षा बैठक, योजनाएं समय पर पूरी करने के निर्देश

गोण्डा, 30 अप्रैल 2026: कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन की अध्यक्षता में विभिन्न विभागों की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में विकास कार्यों, गो-आश्रय स्थलों, जिला स्तरीय ओडीटी सेल, सरयू ड्रेनेज खंड, जिला पर्यावरण समिति, जिला गंगा समिति, पंचायत, कृषि, नेडा, समाज कल्याण, सिंचाई, पूर्ति, जल निगम, बेसिक शिक्षा, विद्युत, मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) और एनआरएलएम सहित कई महत्वपूर्ण योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि अपनी-अपनी योजनाओं और परियोजनाओं को समयबद्ध ढंग से शत-प्रतिशत पूर्ण करें, ताकि पात्र व्यक्तियों तक जनहित योजनाओं का लाभ समय से पहुंच सके। उन्होंने विभागीय रैंकिंग में सुधार लाने के लिए ठोस प्रयास करने के भी निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने सरयू ड्रेनेज खंड के अधिशासी अभियंता को सभी नालों की सफाई की अद्यतन रिपोर्ट शीघ्र प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। जिला पर्यावरण समिति की समीक्षा के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों को हासिल करने के लिए पहले से ही पूर्ण तैयारी सुनिश्चित करने को कहा। पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता को प्राथमिकता देते हुए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर बल दिया गया।

प्रियंका निरंजन ने साफ चेतावनी दी कि किसी भी विभाग में कार्यों के प्रति लापरवाही बरते जाने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों को जिम्मेदारी और जवाबदेही के साथ कार्य करने के निर्देश दिए, ताकि शासन की मंशा के अनुरूप विकास कार्य धरातल पर दिखाई दें।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती अंकिता जैन, जिला विकास अधिकारी सुशील कुमार श्रीवास्तव, डीसी एनआरएलएम जेएन राव, डीपीआरओ लालजी दूबे, एक्सईएन विद्युत राम मोहन पाण्डेय सहित सभी बीडीओ, एडीओ पंचायत और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने अपने विभाग की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की और आगामी कार्ययोजना पर चर्चा की।