पुष्कर त्रिपाठी की सफलता से जिला गौरवान्वित गांव के आंगन से आईआईटी रोपड़ तक का सफर!

बाराबंकी जिले के अभयनगर गांव का नाम एक बार फिर राष्ट्रीय पटल पर चमक उठा है। इस गांव के होनहार छात्र पुष्कर त्रिपाठी ने नेट-जेआरएफ परीक्षा में ऑल इंडिया 277वीं रैंक हासिल कर जिले का मान बढ़ाया है। साधारण पारिवारिक पृष्ठभूमि से आने वाले पुष्कर के पिता श्रीनिवास त्रिपाठी पेशे से पत्रकार हैं, जबकि माता रीता त्रिपाठी एक गृहिणी हैं। पुष्कर की यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार के लिए बल्कि पूरे जिले के लिए प्रेरणा बन गई है।

पुष्कर शुरू से ही पढ़ाई में अव्वल रहे हैं। हाल ही में उन्होंने प्रतिष्ठित गेट परीक्षा में भी 156वीं रैंक हासिल की थी। वर्तमान में वे आईआईटी रोपड़ से भौतिकी (फिजिक्स) में परास्नातक की पढ़ाई कर रहे हैं। उनका सपना है कि वे एक शीर्ष वैज्ञानिक बनें और स्ट्रिंग थ्योरी, क्वांटम थ्योरी तथा ब्लैक होल जैसे जटिल विषयों पर शोध कर विज्ञान के क्षेत्र में भारत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएं।

अपनी सफलता का श्रेय पुष्कर अपने स्वर्गीय बाबा रामचरित्र तिवारी (शास्त्री), दादी तारावती, माता-पिता, परिवार और गुरुजनों को देते हैं। उनका मानना है कि यदि ईमानदारी से मेहनत की जाए, नियमित रूप से स्वाध्याय किया जाए और लक्ष्य पर पूरा ध्यान केंद्रित रखा जाए तो कोई भी परीक्षा कठिन नहीं होती।

गांव की मिट्टी से उठकर देश की सबसे चुनौतीपूर्ण परीक्षाओं में सफलता अर्जित करना पुष्कर जैसे युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है, जो बड़े सपने देखते हैं और उन्हें साकार करने का साहस रखते हैं। पुष्कर की यह उड़ान उन सभी छात्रों के लिए उम्मीद की किरण है, जो सीमित संसाधनों में भी असीम संभावनाएं तलाशते हैं।