वाराणसी की समीक्षा बैठक में मंत्री के रवैये पर उठे सवाल, ‘दिशा समिति बैठक’ से पत्रकारों को किया बाहर

वाराणसी।  वाराणसी में आयोजित दिशा (जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति) की बैठक के दौरान उस समय विवाद की स्थिति बन गई, जब केंद्रीय मंत्री  हरदीप सिंह पुरी ने मीडिया कर्मियों को बैठक कक्ष से बाहर जाने के लिए कह दिया। बैठक के दौरान मंत्री का एक बयान भी चर्चा का विषय बन गया, जिसमें उन्होंने कहा कि “अगर मैं डीएम होता तो…”।

बताया जा रहा है कि बैठक शुरू होने के कुछ देर बाद मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि यह समीक्षा बैठक है और इसमें मीडिया की मौजूदगी उचित नहीं है। इसके बाद पत्रकारों को बाहर कर दिया गया। मंत्री के इस रवैये को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।

सूत्रों के अनुसार, बैठक में विभिन्न विकास कार्यों, योजनाओं की प्रगति और जनसमस्याओं पर चर्चा की जा रही थी। इसी दौरान मीडिया कवरेज को लेकर मंत्री ने नाराजगी जताई। हालांकि बाद में प्रशासनिक अधिकारियों ने मामले को सामान्य बताते हुए कहा कि दिशा समिति की बैठकें प्रायः सीमित दायरे में आयोजित की जाती हैं।

घटना के बाद स्थानीय पत्रकारों में नाराजगी देखी गई। कई पत्रकार संगठनों ने इसे मीडिया की स्वतंत्रता से जोड़ते हुए आपत्ति जताई है। वहीं सोशल मीडिया पर भी मंत्री के बयान और पत्रकारों को बाहर किए जाने को लेकर प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।