गुजरात से बरसे राजनाथ सिंह, कांग्रेस को बताया डूबता हुआ जहाज

सूरत और इंदौर के चुनावी घटनाक्रमों का हवाला देते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मंगलवार को कांग्रेस को ‘‘डूबता जहाज” बताया और कहा कि ये वाकये भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रति जनता का अगाध स्नेह दर्शाते हैं। सिंह खंडवा लोकसभा सीट के निवर्तमान सांसद और भाजपा उम्मीदवार ज्ञानेश्वर पाटिल के समर्थन में मांधाता में चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। सिंह ने कहा,‘‘इस बार लोकसभा चुनाव में करिश्मा हो गया। सूरत से भाजपा का प्रत्याशी निर्विरोध जीत गया और इंदौर में कांग्रेस प्रत्याशी ने पर्चा वापस लेकर भाजपा को समर्थन दे दिया। यह भाजपा के प्रति जनता के अगाध स्नेह को दर्शाता है जो लगातार बढ़ता जा रहा है।”

उन्होंने कहा,‘‘…लेकिन कांग्रेस के नेता कहते हैं कि ऐसी घटनाएं लोकतंत्र के लिए बहुत बड़ा खतरा हैं। आजाद भारत में कांग्रेस के प्रत्याशी 20 बार निर्विरोध चुने गए हैं। मैं कांग्रेस से पूछना चाहता हूं कि क्या तब लोकतंत्र के लिए खतरा पैदा नहीं हुआ था?” सिंह ने कहा कि कांग्रेस वह डूबता जहाज है जिसमें छेद हो चुका है और इस जहाज को डूबने से दुनिया की कोई भी ताकत रोक नहीं सकती। इंदौर लोकसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार अक्षय कांति बम ने पार्टी को तगड़ा झटका देते हुए सोमवार (29 अप्रैल) को अपना नामांकन वापस ले लिया और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए।