
निघासन, खीरी। नगर पंचायत निघासन के रकेहटी स्थित शिवपुरी वार्ड में श्री नागेश्वर धाम एवं पंचमुखी हनुमान जी मंदिर का वार्षिकोत्सव मंगलवार को श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ धूमधाम से मनाया गया। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी। भक्तों ने भगवान भोलेनाथ और पंचमुखी हनुमान जी की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि एवं मनोकामना पूर्ति की कामना की।
चंद्रकेश लोक कल्याण समिति के प्रबंधक देवेंद्र कुमार पांडेय के नेतृत्व में समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों ने श्रद्धालुओं के सहयोग से रुद्राभिषेक कराया। इसके बाद सुंदरकांड पाठ का आयोजन हुआ। सुंदरकांड पाठ के दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पाठ में सहभागिता की और भगवान के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
आयोजक देवेंद्र कुमार पांडेय ने बताया कि सावन माह में भगवान भोलेनाथ की उपासना और आराधना के पावन अवसर पर मंदिर का वार्षिकोत्सव आयोजित किया गया। सुंदरकांड पाठ के बाद श्रद्धालुओं ने पंचमुखी हनुमान जी और महादेव के दर्शन किए। दोपहर 12 बजे से महाप्रसाद का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
कार्यक्रम में भाजपा वरिष्ठ नेता एवं प्रदेश संयोजक राजा राज राजेश्वर सिंह, गायत्री मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष ठाकुर विनोद सिंह, भाजपा जिला उपाध्यक्ष विनोद लोधी, किसान नेता जसपाल पल्ला, खैरटिया प्रधान प्रगट सिंह और तहसील बार संघ अध्यक्ष एडवोकेट चंद्रकेश मिश्रा सहित क्षेत्र के हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। सभी ने मंदिर में पूजा-अर्चना कर महाप्रसाद ग्रहण किया।
वार्षिकोत्सव के दौरान मंदिर परिसर में पूरे दिन भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए आयोजकों की ओर से विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं। आयोजन के सफल संचालन में सहयोग करने वाले सभी श्रद्धालुओं के प्रति आयोजकों ने आभार व्यक्त किया।