सोनीपत में यमुना में गैस पाइपलाइन लीक,पानी के बहाव में पत्थर टकराने से लीकेज की संभावना

हरियाणा के सोनीपत में यमुना में गैस की पाइपलाइन लीक हो गई। गांव घसोली के पास गैस लीक होते ही यमुना से पानी के बवंडर उठने लगे। यह देख आसपास के इलाकों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तुरंत प्रशासन को इसकी सूचना दी। प्रशासन ने तुरंत पुलिस की टीमें मौके पर भेजी। मौके के हालात देखते हुए तुरंत पानीपत रिफाइनरी से बात की गई। जिसके बाद पहले गैस का प्रेशर कम कराया गया। इसके बाद भी लीकेज कम नहीं हुई तो पानीपत और आसपास के क्षेत्रों के CNG की सप्लाई रोक दी गई है। फिलहाल गैस के अचानक लीक होने के पुख्ता कारण का पता नहीं चल पाया है। अधिकारी मान रहे हैं कि यमुना में पानी के तेज बहाव में आए पत्थर से टकराने के कारण पाइपलाइन लीक हो सकती है। मौके पर पुलिस की टीम तैनात कर दी गई है ताकि किसी तरह का कोई नुकसान न हो।

यमुना में बुधवार को गैस की लीकेज हुई। इसे सबसे पहले गांव के एक टीचर ने देखा। उन्होंने आगे संपर्क किया। जिसके बाद सूचना गन्नौर के SDM निर्मल नागर तक पहुंची। सूचना मिलते ही उन्होंने तुरंत पुलिस की टीम को मौके पर भेजा। वहां यमुना से बवंडर उठते देख पुलिस ने पूरी रिपोर्ट दी। जिसके बाद तुरंत जिला प्रशासन ने रिफाइनरी के अधिकारियों को सूचित किया।