रामनगर में विहिप की प्रखंड बैठक सम्पन्न, 14 अगस्त को ‘अखंड भारत संकल्प दिवस’ मनाने का आह्वान

रामनगर (बाराबंकी)।
विश्व हिंदू परिषद की प्रखंड बैठक बुढ़वल चौराहा स्थित कार्यालय पर आगामी कार्यक्रमों की तैयारी को लेकर सम्पन्न हुई। बैठक में संगठनात्मक विस्तार, पर्यावरण संरक्षण और संस्कार आधारित गतिविधियों पर विशेष जोर दिया गया।

बैठक की अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष विनय मिश्रा ने की। मुख्य वक्ता के रूप में विहिप जिला उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रताप सिंह मुन्ना ने संगठन के मूल मंत्र “सत्संग” को रेखांकित करते हुए कहा कि विहिप की युवा इकाई बजरंग दल सेवा, सुरक्षा और संस्कार के भाव से समाज में कार्यरत है।

जिला मंत्री राहुल कुमार ने 14 अगस्त को ‘अखंड भारत संकल्प दिवस’ मनाए जाने की घोषणा करते हुए कार्यकर्ताओं से वृहद स्तर पर वृक्षारोपण और पर्यावरण संरक्षण के लिए आगे आने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यह अभियान न केवल पर्यावरण की दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि राष्ट्र निर्माण की भावना को भी बल देगा।

बैठक में संगठनात्मक विस्तार, साप्ताहिक मिलन, सत्संग, बलोपासना, संस्कारशाला और शक्ति साधना केंद्रों के संचालन को सक्रिय रूप से बढ़ाने पर भी चर्चा की गई।

बैठक में प्रमुख रूप से जिला प्रचार प्रमुख सुमित्रा प्रसाद, पूर्व जिला सेवा प्रमुख निर्मल मिश्रा, प्रखंड उपाध्यक्ष रमाकांत वर्मा, जिला सहसंयोजक विनय वर्मा, मातृशक्ति संयोजिका सुमन अवस्थी, गौरक्षा प्रमुख दिलीप दीक्षित, अंशु शुक्ला, अजय विश्वकर्मा, मनोज पाल, इंद्रजीत द्विवेदी, कृष्ण कुमार निगम एवं श्रीकांत सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

बैठक के अंत में राष्ट्रहित में सतत कार्य करते रहने का संकल्प दोहराया गया।