प्रेम प्रसंग से नाराज पिता और चाचा ने की युवती की हत्या, कुएं में फेंका शव; 24 घंटे में खुलासा

रामनगर। प्रेम प्रसंग और शादी की जिद से नाराज पिता और चाचा ने कथित तौर पर युवती की गला दबाकर हत्या कर दी और वारदात को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव गांव के बाहर खेत किनारे स्थित कुएं में फेंक दिया। रामनगर पुलिस ने मामले का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए युवती के पिता दिनेश और चाचा चक्रेश को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार को रामनगर थाना क्षेत्र के एक गांव में खेत किनारे स्थित कुएं में युवती का शव मिलने की सूचना मिली थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने गांव पहुंचकर जांच शुरू की। इस दौरान युवती के पिता के घर पर ताला लगा मिला। वहीं, युवती के प्रेम प्रसंग से जुड़े युवक के भी गायब होने की चर्चा सामने आई। गांव में यह बात भी पता चली कि युवती का विवाह उसके प्रेमी से तय करने पर सहमति बन गई थी। इन परिस्थितियों ने पुलिस का शक बढ़ा दिया।

पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से युवती के पिता की तलाश शुरू की और देर शाम उसे खोजकर थाने लाया गया। युवती के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण डूबना बताया गया। इसके बाद पुलिस ने युवती के पिता से पूछताछ की, जिसमें वह टूट गया और कथित तौर पर वारदात कबूल कर ली।

पुलिस के अनुसार, पिता ने बताया कि उसकी बेटी प्रेमी से शादी करना चाहती थी। समाज को ध्यान में रखते हुए परिवार ने विवाह के लिए सहमति तो दे दी थी, लेकिन वह मन से इसके लिए तैयार नहीं था। इसी बीच युवती घर से चली गई। इससे नाराज पिता ने अपने भाई को इसकी जानकारी दी और थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। दोनों भाई युवती की तलाश में भी निकले थे।

आरोप है कि गुरुवार शाम युवती मरकामऊ के आसपास मिल गई। इसके बाद पिता और चाचा उसे डांटते हुए घर ले आए। पुलिस के मुताबिक, घर लाने के बाद दोनों ने युवती की गला दबाकर हत्या कर दी और शव गांव के बाहर खेत में बने कुएं में डाल दिया, ताकि घटना को आत्महत्या का रूप दिया जा सके।

कोतवाल ने बताया कि युवती के पिता का घर बंद मिलने और उसके गायब रहने से पुलिस का संदेह गहरा गया था। इसी आधार पर जांच आगे बढ़ाई गई और मामले का खुलासा हुआ। पुलिस ने युवती के पिता दिनेश और चाचा चक्रेश को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की कार्रवाई की जाएगी।