108 फीट तिरंगा फहराकर एस बी टी ने रचा इतिहास

गौरी बाजार, देवरिया। जिले के ग्रामीण क्षेत्र में स्थित एस बी टी पब्लिक स्कूल विशुनपुरा बखरा में स्वतंत्रता दिवस बड़े ही धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में 108 फीट ऊंचा तिरंगा फहराया गया, जो इस क्षेत्र का सबसे ऊंचा तिरंगा माना जा रहा है।

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन और मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण से हुई। विद्यालय के निदेशक व चेयरमैन एम.एन. त्रिपाठी ने ध्वजारोहण करते हुए कहा कि इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस की थीम “नया भारत” है, जिसका उद्देश्य 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है। उन्होंने कहा कि तिरंगा हमारी आन-बान-शान का प्रतीक है और हम सभी को इसे सम्मानित रखने का संकल्प लेना चाहिए।

प्रधानाचार्य दिवाकर पाण्डेय ने सभी अतिथियों का स्वागत किया और स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएँ दीं। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। विशेष आकर्षण बांसुरी वादक उस्ताद आशिक अली रहे, जिन्होंने “ए मेरे वतन के लोगों” की धुन से सभी को भावुक कर दिया।

इस अवसर पर विद्यालय चेयरमैन ने छात्र-छात्राओं के साथ वृक्षारोपण कर पर्यावरण को स्वच्छ और हरित बनाने का संकल्प भी लिया। कार्यक्रम में विद्यालय के मुख्य समन्वयक अंबरीश त्रिपाठी, प्रशासक अबू दानिश, शिक्षक-शिक्षिकाएं, शिक्षणेत्तर कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में मौजूद रहे।