
मैनपुरी।राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के तत्वाधान में मैनपुरी नगर में पंच परिवर्तन साइकिल यात्रा का आयोजन किया गया। यह यात्रा पॉलिटेक्निक से प्रारंभ होकर आगरा रोड, करहल चौराहा, भावत चौराहा, स्टेशन रोड, जिला अस्पताल, ईशन नदी पुल से मां शीतला धाम, घंटाघर होते हुए रामलीला मैदान पर संपन्न हुई। यात्रा में नगर की 29 बस्तियों के लगभग 1100 स्वयंसेवकों ने भाग लिया।
संघ की स्थापना के 100 वर्ष पूर्ण होने पर शताब्दी वर्ष 2 अक्टूबर विजयादशमी से प्रारंभ होगा। कार्यक्रम के समापन पर रामलीला मैदान में संघ के जिला प्रचार प्रमुख दीपक दिव्य ने कहा कि शताब्दी वर्ष में संघ कोई बड़ी रैली नहीं करेगा बल्कि पंच परिवर्तन के माध्यम से समाज का जागरण करेगा। उन्होंने बताया कि स्व का बोध, कुटुंब प्रबोधन, सामाजिक समरसता, नागरिक कर्तव्य और पर्यावरण जैसे पांच संकल्प प्रत्येक स्वयंसेवक लेंगे और समाज को जागृत करेंगे।
दीपक दिव्य ने कहा कि शताब्दी वर्ष में आठ प्रमुख कार्यक्रम होंगे— विजयादशमी उत्सव, गृह सम्पर्क, हिंदू सम्मेलन, सामाजिक सद्भाव, प्रमुख जन गोष्ठी, बाल कार्यक्रम, बाल कुंभ, युवाओं के कार्यक्रम एवं शाखा विस्तार। यह सभी आयोजन 2 अक्टूबर 2025 से अक्टूबर 2026 तक चलेंगे।
नगर प्रचारक जगदीश ने कहा कि बस्तियों में टोली गठन कर दिया गया है और कार्यक्रम पूरी योजना के साथ संपन्न होंगे। नगर कार्यवाह राहुल ने भी विस्तार से कार्यक्रमों की जानकारी दी।
इस अवसर पर सह नगर संघचालक धीरेंद्र जी, नगर कार्यवाह राहुल, नगर प्रचारक जगदीश, जिला प्रचारक विक्रांत जी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।