डीजी पीएसी ने 15वीं वाहिनी का किया निरीक्षण, नवनिर्मित कार्यालय, अस्पताल और बैरक का उद्घाटन

रिपोर्ट -पंकज चतुर्वेदी

आगरा। पुलिस महानिदेशक पीएसी आलोक सिंह ने गुरुवार को 15वीं वाहिनी पीएसी, आगरा का भ्रमण एवं निरीक्षण किया। वाहिनी पहुंचने पर पीएसी गार्ड ने उन्हें सलामी दी। इस दौरान पीएसी बैंड ने शानदार संगीतमय प्रस्तुति दी, जिसकी डीजी पीएसी ने सराहना की।
पुलिस महानिदेशक ने उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कारपोरेशन की ओर से निर्मित नवनिर्मित सेनानायक कार्यालय, वाहिनी अस्पताल और जवानों के लिए 200 क्षमता वाली बैरक का उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने नवनिर्मित वाहिनी अस्पताल के सामने आम का पौधा भी लगाया।
सैनिक सम्मेलन में जवानों की सुनी समस्याएं
इस अवसर पर डीजी पीएसी ने 15वीं वाहिनी पीएसी के जवानों के साथ सैनिक सम्मेलन किया। सम्मेलन में जवानों ने अपनी समस्याएं और सुझाव पुलिस महानिदेशक के समक्ष रखे। डीजी पीएसी ने समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने जवानों को पीएसी के गौरवशाली इतिहास की जानकारी देते हुए कहा कि पीएसी अपनी अनुशासन और कर्तव्यपरायणता के लिए जानी जाती है। उन्होंने जवानों से पूरी निष्ठा एवं अनुशासन के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
डीजी पीएसी ने जवानों को शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत रहने तथा अपने स्वास्थ्य और आत्मबल पर विशेष ध्यान देने के लिए भी प्रेरित किया।
ये अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में अपर पुलिस महानिदेशक आगरा जोन सुवेंद्र कुमार भगत, पुलिस महानिरीक्षक पीएसी पश्चिमी जोन मुरादाबाद डॉ. मनोज कुमार सिंह, पुलिस उपमहानिरीक्षक पीएसी आगरा अनुभाग सत्येंद्र कुमार, अपर पुलिस आयुक्त आगरा सचिंद्र पटेल, पुलिस उपमहानिरीक्षक आगरा परिक्षेत्र शैलेश कुमार पांडेय, सेनानायक 15वीं वाहिनी पीएसी नरेंद्र कुमार सिंह, पुलिस उपायुक्त यातायात रवींद्र कुमार, पुलिस उपायुक्त मुख्यालय हरेंद्र कुमार, उपसेनानायक असीम चौधरी, सहायक सेनानायक पूर्णिमा सिंह व विनोद कुमार सिंह, शिविरपाल आलोक तिवारी, सूबेदार सैन्य सहायक शिव कुमार दुबे सहित वाहिनी के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।