एत्मादपुर तहसील में मनाया गया प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 75वां जन्मदिन

एत्मादपुर। तहसील परिसर में मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 75वां जन्मदिन उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर उनके जीवन और कार्यों पर आधारित प्रदर्शनी का आयोजन किया गया, जिसका शुभारंभ विधायक धर्मपाल सिंह चौहान, महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, एसडीएम सुमित कुमार और तहसीलदार देवेंद्र प्रताप सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित करके किया। कार्यक्रम की शुरुआत पंडित दीनदयाल उपाध्याय और श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र के समक्ष दीप जलाकर की गई।

प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री के व्यक्तित्व और उनकी विकासपरक नीतियों को दर्शाती 50 से अधिक झांकियां लगाई गईं। प्रदर्शनी स्थल पर बनाए गए सेल्फी प्वाइंट पर युवाओं और बच्चों ने उत्साहपूर्वक तस्वीरें खिंचवाईं। छात्रों-छात्राओं को मिठाई और पुरस्कार भी वितरित किए गए। तहसील परिसर में आम लोगों के लिए भी मिठाई वितरण किया गया।

विधायक धर्मपाल सिंह चौहान ने कहा कि “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत को विश्व पटल पर नई पहचान दी है। उनका जीवन संघर्ष और सेवा की मिसाल है, जिसे नई पीढ़ी को अपनाना चाहिए।” महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता ने कहा कि “मोदी जी का हर जन्मदिन सेवा और समर्पण को समर्पित होता है। यही कारण है कि उनके नेतृत्व में भारत आज आत्मनिर्भरता की ओर तेजी से बढ़ रहा है।”

कार्यक्रम में केक काटकर प्रधानमंत्री का जन्मदिन मनाया गया। यह पखवाड़ा कार्यक्रम दो अक्तूबर तक चलेगा, जिसमें विभिन्न सांस्कृतिक और सामाजिक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान आपूर्ति निरीक्षक आनंद कुमार एवं सुशील कुमार, सभी राजस्व निरीक्षक, सभी लेखपाल, तहसील के कर्मचारी और अधिवक्ता, साथ ही भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।