आकाशीय बिजली की चपेट में आया इंडिगो विमान, 150 यात्री सुरक्षित

लखनऊ: पटना से लखनऊ आ रही इंडिगो की फ्लाइट 6E925 खराब मौसम के दौरान करीब 17 हजार फीट की ऊंचाई पर आकाशीय बिजली की चपेट में आ गई। बिजली गिरने से विमान की नोज क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि पायलट की सूझबूझ से विमान को लखनऊ एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतार लिया गया।

विमान ने पटना एयरपोर्ट से दोपहर 3:10 बजे उड़ान भरी थी और इसे शाम 4:20 बजे लखनऊ पहुंचना था। विमान ने निर्धारित समय से पहले करीब 4:05 बजे सुरक्षित लैंडिंग की। विमान में सवार सभी 150 यात्री सुरक्षित हैं।

तकनीकी दिक्कत सामने आने के बाद विमान को लखनऊ एयरपोर्ट पर ही रोक दिया गया। यही विमान बाद में 6E6968 के रूप में लखनऊ से अहमदाबाद के लिए उड़ान भरने वाला था।

इंडिगो ने यात्रियों की परेशानी को देखते हुए दूसरे विमान की व्यवस्था की। दूसरे विमान से सभी यात्री शाम करीब 6:22 बजे अहमदाबाद के लिए रवाना हुए।

वहीं, आकाशीय बिजली की चपेट में आने से क्षतिग्रस्त हुए विमान की इंजीनियरों की टीम जांच कर रही है। समय रहते विमान की सुरक्षित लैंडिंग होने से बड़ा हादसा टल गया।