दिवाली से पहले 14 लाख कर्मचारियों को बोनस, योगी सरकार का बड़ा ऐलान

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीपावली के अवसर पर राज्य कर्मचारियों को वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए बोनस देने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बोनस कर्मचारियों के परिश्रम और निष्ठा के प्रति सरकार की सराहना का प्रतीक है। इस निर्णय से प्रदेश के लगभग 14 लाख 82 हजार कर्मचारी लाभान्वित होंगे।

वित्त विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, राज्य कर्मचारियों को उत्पादकता असम्बद्ध बोनस अनुमन्य किया गया है। यह बोनस मासिक परिलब्धियों की अधिकतम सीमा ₹7,000 के आधार पर 30 दिनों की परिलब्धियों का आगणन करते हुए दिया जाएगा। प्रत्येक पात्र कर्मचारी को ₹6,908 का लाभ मिलेगा। इस निर्णय पर सरकार पर कुल ₹1,022 करोड़ रुपए का व्ययभार आएगा।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि दीपावली से पहले यह आर्थिक लाभ कर्मचारियों के परिवारों के लिए आनंद और उत्साह लेकर आएगा तथा शासन-प्रशासन में नई ऊर्जा का संचार करेगा। उन्होंने निर्देश दिया कि पात्र कर्मचारियों को बोनस का भुगतान समयबद्ध रूप से सुनिश्चित किया जाए ताकि सभी परिवार यह पर्व उल्लासपूर्वक मना सकें।

राज्य सरकार द्वारा अनुमन्य बोनस के दायरे में वे पूर्णकालिक अराजपत्रित कार्मिक शामिल हैं जिनके पद का वेतन मैट्रिक्स लेवल-8 (₹47,600-₹1,51,100) तक है (सादृश्य ग्रेड वेतन ₹4,800 तक)। इसमें राज्य कर्मचारी, राज्य निधि से सहायता प्राप्त शिक्षण एवं प्राविधिक शिक्षण संस्थाओं के कर्मचारी, स्थानीय निकायों और जिला पंचायतों के कर्मचारी, राजकीय विभागों के कार्यप्रभारित एवं दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी सम्मिलित हैं।

बता दें कि भारत सरकार ने भी 29 सितम्बर 2025 को वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए बोनस प्रदान किए जाने का निर्णय लिया था। योगी सरकार का यह कदम कर्मचारियों के मनोबल को बढ़ाने के साथ-साथ प्रदेश की प्रशासनिक कार्यक्षमता में नई ऊर्जा भरने वाला साबित होगा।