
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शुक्रवार को आचार्य नरेंद्र देव की जयंती पर उन्हें नमन करते हुए कहा कि “आचार्य नरेंद्र देव समाजवादी विचारधारा के जनक थे, जिनसे पूरा समाजवादी आंदोलन प्रेरित है। आज हम सब मिलकर उन्हें याद कर रहे हैं।”
अखिलेश यादव ने कहा कि “देश की खुशहाली का रास्ता समाजवादी आंदोलन से ही होकर जाएगा।” उन्होंने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि “बीजेपी के लोग फर्जी बातें ज्यादा करते हैं। उन्होंने स्मार्ट सिटी का वादा किया था, लेकिन आज शहरों की हालत किसी से छिपी नहीं है। दो करोड़ नौकरियां और किसानों की दोगुनी आय का क्या हुआ?”
उन्होंने आगे कहा कि “अमेरिका के राष्ट्रपति हमारे प्रधानमंत्री को ‘किलर’ कह रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी को बताना चाहिए कि आखिर अमेरिका जैसा देश उनके प्रधानमंत्री के बारे में ऐसा क्यों कह रहा है?”
अखिलेश यादव ने सरदार वल्लभभाई पटेल को भी श्रद्धांजलि दी और कहा, “सरदार पटेल जी का देश की एकता में बहुत बड़ा योगदान रहा है। उन्होंने रियासतों को खत्म कर भारत को एकजुट किया।”