
रामनगर (बाराबंकी)।लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती शुक्रवार को ‘राष्ट्रीय एकता दिवस’ के रूप में मनाई गई। इस अवसर पर थाना रामनगर में ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन किया गया, जिसमें पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, स्कूली छात्र-छात्राएं, एनसीसी कैडेट और आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता क्षेत्राधिकारी गरिमा पंत ने की। दौड़ की शुरुआत थाना परिसर से हुई और यह पीजी कॉलेज के पास समाप्त हुई। प्रतिभागियों ने हाथों में तिरंगा लिए भारत माता की जय, वंदे मातरम् और एकता के नारे लगाए।
कोतवाल अनिल कुमार पांडेय, इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. कमलेश सिंह, स्वास्थ्यकर्मियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी ने कार्यक्रम को प्रेरणादायी बना दिया। सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम किए गए थे और पुलिस व एंबुलेंस की टीमें पूरी दौड़ के दौरान साथ रहीं।
इसी क्रम में विश्व हिंदू परिषद कार्यालय, प्रखंड रामनगर में भी सरदार पटेल की 150वीं जयंती मनाई गई। इस अवसर पर जिला मंत्री राहुल कुमार वर्मा, प्रचार प्रसार प्रमुख एस.पी. शुक्ला, प्रखंड अध्यक्ष रमाकांत वर्मा, आशुतोष दुबे (गोलू), अरुण कुमार सहित सभी पदाधिकारियों ने सरदार पटेल के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
जिला मंत्री राहुल वर्मा ने कहा—
“अगर सरदार वल्लभभाई पटेल देश के पहले प्रधानमंत्री होते, तो भारत की दिशा और दशा आज कहीं अधिक सशक्त होती। उन्होंने केवल मंदिर नहीं, बल्कि राष्ट्रगौरव के पुनर्प्रतिष्ठा का संकल्प लिया था।”