
हरदोई (माधौगंज)। उच्च प्राथमिक विद्यालय सदरियापुर माधौगंज में राष्ट्र की एकता और अखंडता के सूत्रधार, भारत रत्न, लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। प्रभारी प्रधानाध्यापक नीरज गुप्ता, सहायक अध्यापिका प्रियंका श्रीवास्तव, सहायक अध्यापक गौरव कुमार सिंह सहित छात्र-छात्राओं ने पटेल जी के चित्र पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिवार ने राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ भी ली। मौसम खराब होने के कारण दौड़ प्रतियोगिता निरस्त की गई, लेकिन विद्यालय में कैरम, लूडो और खो-खो प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कैरम प्रतियोगिता में राज, हिमांशू, नवल, आकाश, मोहन, प्रिंस, विनय, काजल, कुमकुम और मीनाक्षी विजयी रहे।
सहायक अध्यापिका प्रियंका श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों को सरदार पटेल के जीवन, स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान और देश की एकता के लिए उनके प्रयासों के बारे में विस्तार से बताया। विजयी प्रतिभागियों को विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक नीरज गुप्ता ने पुरस्कृत किया।
कार्यक्रम के सफल संचालन में सहायक अध्यापिका प्रियंका श्रीवास्तव का विशेष योगदान रहा। इस अवसर पर विद्यालय की रसोईया प्रेमवती, रामसुखी और गीता भी उपस्थित रहीं।