सरयू तट पर देव दीपावली का भव्य आयोजन: हजारों दीपों की रौशनी से जगमगाया मरी माता स्थल

बहराइच।लोकसभा क्षेत्र बहराइच के सरयू नदी के पावन तट स्थित मरी माता स्थान पर प्रतिभा संरक्षण सेवा न्यास द्वारा आयोजित देव दीपावली दीपदान कार्यक्रम अत्यंत भव्यता और धार्मिक उत्साह के साथ संपन्न हुआ। इस पवित्र अवसर पर मुख्य अतिथि ने दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

प्रतिभा संरक्षण सेवा न्यास के प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र उपाध्याय ने मुख्य अतिथि का स्वागत अंगवस्त्र और प्रतीक चिन्ह भेंट कर किया। मुख्य अतिथि ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में कहा कि देव दीपावली का यह पर्व अंधकार से प्रकाश, अज्ञान से ज्ञान और नकारात्मकता से सकारात्मकता की ओर अग्रसर होने का संदेश देता है। यह पर्व हमारी सांस्कृतिक विरासत, आध्यात्मिक चेतना और सामाजिक एकता का प्रतीक है।

कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति ने आयोजन की गरिमा को और भी बढ़ा दिया। विशेष रूप से पयागपुर विधायक सुभाष त्रिपाठी, आर.एस.एस. के कौशल, श्रीनाथ शुक्ला, प्रमुख कैसरगंज संदीप सिंह, एकता जैसवाल, संजय जैसवाल, गौसेवक बलराम पाठक, मानवेन्द्र सिंह, सुभाष सिंह, कल्याण सिंह, प्रधान अतुल सिंह एवं पंकज सिंह सहित अनेक सम्मानित व्यक्तियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को भव्य स्वरूप प्रदान किया।

सरयू तट पर जलते हजारों दीपों की जगमगाहट से पूरा परिसर दैदीप्यमान हो उठा। ऐसा प्रतीत हुआ मानो धरती पर स्वर्ग उतर आया हो। गूंजते भजन, आरती और दीपों की उज्ज्वल ज्योति ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक रहा, बल्कि समाज में एकता, सद्भाव और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण का सशक्त संदेश भी देता नजर आया। देव दीपावली का यह अनुपम दृश्य उपस्थित जनसमूह के हृदय में भक्ति और गर्व का भाव संचारित कर गया, जो लंबे समय तक स्मृतियों में जीवित रहेगा।