महादेवा महोत्सव की तैयारियां जोरों पर: मेला प्रशासन श्रद्धालुओं के लिए हर व्यवस्था में जुटा


रामनगर, बाराबंकी – पौराणिक लोधेश्वर महादेवा धाम में 17 से 23 नवंबर तक आयोजित होने वाले सात दिवसीय महादेवा महोत्सव की तैयारियों को लेकर मेला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। इस भव्य आयोजन में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था सहित सभी आवश्यक सुविधाओं का इंतजाम किया जा रहा है। जिलाधिकारी शशांक कुमार त्रिपाठी के निर्देशन में मेला क्षेत्र को आकर्षक बनाने के प्रयास तेज हैं, जिसमें 40 फीट ऊंची अमरनाथ गुफा का निर्माण मुख्य आकर्षण बनेगी।
शनिवार को संयुक्त मजिस्ट्रेट गुंजिता अग्रवाल, तहसीलदार विपुल कुमार सिंह, पुलिस क्षेत्राधिकारी गरिमा पंत तथा कोतवाल अनिल कुमार पांडेय ने लोधेश्वर महादेवा पहुंचकर महोत्सव स्थल का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने पांडाल, प्रदर्शनी स्थल, निकास-प्रवेश द्वार, खेल मैदान सहित विभिन्न पहलुओं की रूपरेखा तय की। इसके बाद मेला मैदान में बनाई जा रही अमरनाथ गुफा की लंबाई, चौड़ाई, ऊंचाई तथा निकासी द्वार आदि के बारे में विधिवत जानकारी प्राप्त की गई। वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच गुफा का भूमि पूजन भी संपन्न कराया गया, जो दर्शकों का प्रमुख आकर्षण बनेगी।
महोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अलावा वॉलीबॉल, कबड्डी, दंगल जैसी खेल प्रतियोगिताएं, बच्चों व युवाओं के लिए झूले तथा मनोरंजन के अन्य आयोजन भी शामिल हैं। नामचीन कलाकारों को आमंत्रित करने की तैयारियां चल रही हैं, ताकि यह आयोजन श्रद्धा, सुरक्षा और सौंदर्य का संगम बने। इस मौके पर ग्राम प्रधान राजन तिवारी, चौकी इंचार्ज महादेवा अभिनंदन पांडेय, अनिल शास्त्री सहित पुलिस व राजस्व कर्मी मौजूद रहे।
महोत्सव को भव्य बनाने के लिए प्रशासनिक अमला रात-दिन लगा हुआ है, जिससे श्रद्धालु बिना किसी असुविधा के दर्शन कर सकें।