सी.डी.ओ. ने बी-पैक समिति लखपेडागंज का आकस्मिक निरीक्षण किया

लखीमपुर/नकहा। विकास खण्ड नकहा में आज मुख्य विकास अधिकारी (सी.डी.ओ.) अभिषेक कुमार ने बी–पैक समिति लखपेड़ागंज (बेड़नापुर, नकहा) का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने किसानों को समय पर और उचित मूल्य पर खाद उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गहन समीक्षा की।

सी.डी.ओ. ने खाद की उपलब्धता, POS मशीन से बिक्री की स्थिति और वितरण अभिलेखों की विस्तृत जांच की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने समिति संचालकों को चेतावनी दी और स्पष्ट कहा कि किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि निर्धारित मूल्य पर खाद उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है।

सी.डी.ओ. ने अनियमितताएं पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी और किसानों को राहत व पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वयं किसानों से संवाद कर खाद वितरण व्यवस्था पर उनकी प्रतिक्रिया ली।

किसानों ने निरीक्षण के प्रति संतोष व्यक्त किया और कहा कि इस प्रकार की कार्यवाही से पारदर्शिता बढ़ेगी और कालाबाज़ारी पर रोक लगेगी। प्रशासन ने बताया कि आगामी दिनों में अन्य समितियों पर भी इसी तरह के आकस्मिक निरीक्षण जारी रहेंगे।