जैदपुर (बाराबंकी)। ग्राम पंचायत की मतदाता सूची में भारी लापरवाही का मामला सामने आया है। विकास खण्ड हरख क्षेत्र की ग्राम पंचायत मुबारकपुर की वर्तमान ग्राम प्रधान संध्या देवी का नाम ही अंतिम रूप से प्रकाशित मतदाता सूची से गायब मिला। हैरानी की बात यह रही कि पूरी प्रक्रिया में सक्रिय भूमिका निभाने वाली ग्राम प्रधान स्वयं ही मतदाता सूची से बाहर हो गईं। मामले को गंभीर बताते हुए ग्राम प्रधान ने बीडीओ के माध्यम से जिलाधिकारी से शिकायत कर जांच की मांग की है।
ग्राम प्रधान संध्या देवी ने बताया कि मतदाता सूची के संशोधन के दौरान उन्होंने अपने पति अखिलेश वर्मा के साथ बीएलओ के सहयोग से गांव में व्यापक अभियान चलाया था। जिन बेटियों की शादी हो चुकी थी, जिन लोगों की मृत्यु हो गई थी, उनके नाम हटवाए गए। साथ ही 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले नए मतदाताओं और गांव में आई नई दुल्हनों के नाम भी सूची में जुड़वाए गए थे। इसके बावजूद जब बुधवार को मतदाता सूची का प्रकाशन हुआ तो उसमें उनका ही नाम नहीं पाया गया।
प्रधान संध्या देवी का कहना है कि पूर्व में सूची में उनका नाम दर्ज था, फिर भी अंतिम सूची से नाम कटना गंभीर त्रुटि को दर्शाता है। उन्होंने निर्वाचन अधिकारी से यह स्पष्ट करने की मांग की है कि नाम किस स्तर पर और किस कारण से हटाया गया। वहीं, जिलाधिकारी से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की गई है।
ग्रामीण क्षेत्रों में मतदाता सूची में गड़बड़ी का यह मामला अकेला नहीं है। ग्राम पंचायत चंदौली सहित आसपास के कई गांवों में लोगों के नाम एक साथ गांव और बाराबंकी व लखनऊ शहर की मतदाता सूची में दर्ज होने की बात भी सामने आई है। टिकरा, टेरा, मंगरवल, बरौली मलिक, मानपुर, टेसवा, सतरिख देहात, हरख, देहवा, बोजा समेत कई ग्राम पंचायतों में इस तरह की अनियमितताओं से ग्रामीणों में रोष व्याप्त है।