श्रीकांत शर्मा संगठन मजबूती के महारथी: रागिनी चौधरी

कोसीकलां, मथुरा। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन द्वारा संगठन में नई जिम्मेदारी देते हुए मथुरा-वृंदावन के विधायक एवं पूर्व ऊर्जा मंत्री तथा वरिष्ठ भाजपा नेता श्रीकांत शर्मा को हिमाचल प्रदेश का प्रदेश प्रभारी बनाए जाने पर कोसीकलां में भाजपा कार्यकर्ताओं ने हर्ष व्यक्त किया है।

भाजपा की पूर्व महिला मोर्चा जिला मंत्री एवं पूर्व कोसीकलां मंडल मंत्री रागिनी चौधरी ने श्रीकांत शर्मा को नई जिम्मेदारी मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि श्रीकांत शर्मा संगठन को मजबूत करने वाले कुशल नेता हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान भी श्रीकांत शर्मा को हिमाचल प्रदेश की जिम्मेदारी दी गई थी। उस समय उन्होंने विषम परिस्थितियों में बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने के लिए काम किया और भाजपा ने हिमाचल प्रदेश की सभी लोकसभा सीटों पर जीत दर्ज की।

रागिनी चौधरी ने कहा कि श्रीकांत शर्मा मूल रूप से मथुरा जनपद के गांव गांठोली के रहने वाले हैं। उनकी प्रारंभिक शिक्षा मथुरा में हुई। उच्च शिक्षा के लिए उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय में प्रवेश लिया और इसी दौरान अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़कर अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत की।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में श्रीकांत शर्मा पहली बार मथुरा-वृंदावन विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के टिकट पर विधायक निर्वाचित हुए और योगी आदित्यनाथ सरकार में ऊर्जा मंत्री का दायित्व संभाला। उनके कार्यकाल के दौरान उत्तर प्रदेश में बिजली व्यवस्था से जुड़े विभिन्न कार्यों और घरों तक बिजली कनेक्शन पहुंचाने पर जोर दिया गया।

रागिनी चौधरी ने कहा कि श्रीकांत शर्मा को राष्ट्रीय नेतृत्व द्वारा हिमाचल प्रदेश का पुनः प्रभारी बनाए जाने से कार्यकर्ताओं में उत्साह है। उन्होंने उम्मीद जताई कि श्रीकांत शर्मा अपनी संगठनात्मक क्षमता और अनुभव के माध्यम से हिमाचल प्रदेश में भाजपा संगठन को और मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

श्रीकांत शर्मा को नई जिम्मेदारी मिलने पर भाजपा के वरिष्ठ नेता तरुण सेठ, बलराम चौधरी, रामलीला संस्थान के अध्यक्ष गिर्राज चौधरी, रामलीला संस्थान के संयोजक बॉबी ठाकुर, विवेक चौधरी सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने भी हर्ष व्यक्त किया।