एकाग्रता ही सफलता की कुंजी है: स्वतंत्र देव सिंह

मैगलगंज (खीरी)। लखनऊ से शाहजहांपुर जाते समय केंद्रीय जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह मैगलगंज के चपरतला स्थित एक प्रतिष्ठान पर रुककर भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हुए उन्हें संगठन की मजबूती के लिए एकजुट होकर काम करने का संदेश दिया।
केंद्रीय मंत्री स्वतंत्र देव सिंह का यहां भाजपा मंडल महामंत्री एवं क्षेत्रीय गन्ना डायरेक्टर अनिल राठौर ने स्वागत किया। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि एकाग्रता और परिश्रम ही सफलता की असली कुंजी है। यदि लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित रखते हुए निरंतर मेहनत की जाए तो सफलता स्वतः कदम चूमती है।
उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर क्षेत्र की राजनीतिक स्थिति की जानकारी भी ली और कार्यकर्ताओं से कहा कि कार्यकर्ता ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत और सच्चे सिपाही हैं। किसी भी स्तर पर कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में केंद्र और प्रदेश सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है और भ्रष्टाचार के प्रति किसी भी प्रकार की नरमी नहीं बरती जाएगी।
इस अवसर पर पुरातन छात्र परिषद के जिलाध्यक्ष शिव गुप्ता, सलमान, संदीप, पंकज राठौर, मनोज वर्मा सहित अन्य भाजपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।