क्रिकेट में मीडिया एकादश का जलवा, प्रशासन एकादश को 33 रनों से हराकर ट्रॉफी पर किया कब्जा

रुद्रपुर देवरिया। स्थानीय दुग्धेश्वरनाथ (डीएन) इंटर कॉलेज के खेल ग्राउंड पर रविवार को प्रशासन एकादश और मीडिया एकादश के बीच खेले गए मैत्रीपूर्ण क्रिकेट मुकाबले में मीडिया एकादश ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रशासन एकादश को 33 रनों से पराजित कर दिया। इस जीत के साथ मीडिया एकादश ने लगातार तीसरी बार शील्ड अपने नाम करते हुए हैट्रिक विजेता बनने की उपलब्धि भी हासिल की। मुकाबला शुरू से अंत तक रोमांच से भरपूर रहा और दर्शकों को भरपूर मनोरंजन मिला।
मैच में मीडिया एकादश के कप्तान सुरेंद्र देव मिश्र ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम की ओर से अंकित ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 76 रनों की शानदार पारी खेली और टीम को मजबूत आधार दिया। दुर्गेश ने 19 रन, दीपक पांडेय ने 13 रन बनाए, जबकि जितेन्द्र तिवारी और विश्वविजय त्रिपाठी ने उपयोगी योगदान देते हुए टीम का स्कोर 144 रनों तक पहुंचाया। प्रशासन एकादश की ओर से मनोज ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार विकेट झटके, जबकि सर्वेश सिंह को दो विकेट मिले।
144 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी प्रशासन एकादश की शुरुआत दबाव में रही। हालांकि टीम के धाकड़ बल्लेबाज जीयालाल ने मात्र 15 गेंदों में 56 रनों की विस्फोटक पारी खेलकर दर्शकों को रोमांचित कर दिया, लेकिन अन्य बल्लेबाज उनका साथ नहीं दे सके। नतीजतन पूरी टीम 111 रनों पर सिमट गई। मीडिया एकादश की ओर से अभिषेक ने घातक गेंदबाजी करते हुए चार विकेट चटकाए, जबकि दीपक ने दो विकेट हासिल किए। क्षेत्ररक्षण में जितेन्द्र तिवारी द्वारा लांग ऑफ पर लिया गया रनिंग कैच खासा सराहा गया।
मैच में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बल्लेबाजी में जीयालाल और गेंदबाजी में अभिषेक को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी के पुरस्कार से सम्मानित किया गया। मुकाबले के समापन पर आयोजक ई. करुणेश त्रिपाठी ने विजेता मीडिया एकादश और उपविजेता प्रशासन एकादश को ट्रॉफी व पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी हरिराम यादव, प्रभारी निरीक्षक कल्याण सिंह सागर, सज्जाद अली, राणाप्रताप सिंह, दिलीप जायसवाल, सोनू जायसवाल, सूरज चौरसिया, सत्यनारायण मणि, दुर्गेश सहित अनेक गणमान्य लोग एवं सैकड़ों दर्शक मौजूद रहे और खेल का भरपूर आनंद लिया।