
बाराबंकी। नवनिर्वाचित भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के जनपद आगमन पर जिले भर में अभूतपूर्व स्वागत देखने को मिला। किसान पथ के निकट शुरू हुआ स्वागत का सिलसिला भिटरिया बाईपास तक लगातार चलता रहा। रास्ते में करीब 11 स्थानों पर भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उत्साहपूर्वक अभिनंदन किया। कई स्थानों पर बुलडोजर पर सवार कार्यकर्ताओं ने पुष्प वर्षा कर प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत किया, वहीं राष्ट्रवादी जयघोष से वातावरण गूंजता रहा।
किसान पथ से प्रारंभ हुआ स्वागत कार्यक्रम सफेदाबाद, एसके मैरिज लॉन, लक्ष्बर बजहा, दादरा, सफदरगंज चौराहा, कोटवा सड़क, अहमदपुर टोल प्लाजा, भिटरिया बाईपास और नारायण ढाबा के पास संपन्न हुआ। हर पड़ाव पर कार्यकर्ताओं का जोश और संगठन के प्रति समर्पण साफ दिखाई दिया।
भिटरिया बाईपास के निकट आयोजित स्वागत कार्यक्रम में पंकज चौधरी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण को समर्पित कार्यकर्ताओं का विशाल परिवार है। संगठन की सबसे बड़ी ताकत उसका कार्यकर्ता है। उन्होंने कहा कि वह स्वयं भी एक साधारण कार्यकर्ता रहे हैं और प्रदेश अध्यक्ष के रूप में मिली जिम्मेदारी को सभी कार्यकर्ताओं के सहयोग से पूरी निष्ठा के साथ निभाएंगे।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 का विधानसभा चुनाव केवल सत्ता का चुनाव नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश में राष्ट्रवादी राजनीति, सुशासन और विकास की निरंतरता का चुनाव है। अब हर कार्यकर्ता को बूथ स्तर तक संगठन को और मजबूत करते हुए जनसंपर्क और जनविश्वास की इस लड़ाई में पूरी ऊर्जा के साथ जुटना होगा।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में गरीब, किसान, श्रमिक, महिला और युवा पहली बार सरकारी योजनाओं के केंद्र में आए हैं। ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ के मंत्र के साथ केंद्र सरकार समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचा रही है। वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था, विकास और गरीब कल्याण के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य हुए हैं, जिससे प्रदेश तेजी से प्रगति के पथ पर अग्रसर है।
उन्होंने कहा कि कुछ राजनीतिक शक्तियां भ्रम, झूठ और नकारात्मकता फैलाकर जनता को गुमराह करना चाहती हैं, लेकिन भाजपा का कार्यकर्ता हर झूठ का जवाब सच्चाई, सेवा और संगठन की ताकत से देगा। प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए आत्मीय स्वागत और सम्मान के लिए हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं का प्रेम, सम्मान और उत्साह संगठन की असली शक्ति है और यही ऊर्जा भाजपा को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी।
इस अवसर पर क्षेत्रीय अध्यक्ष कमलेश मिश्रा, क्षेत्रीय महामंत्री विजय प्रताप सिंह, राज्यमंत्री सतीश शर्मा, जिला प्रभारी अवनीश सिंह पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष राजरानी रावत, विधायक साकेन्द्र प्रताप वर्मा, विधायक दिनेश रावत, एमएलसी अंगद सिंह, उपेंद्र सिंह रावत, लल्लू सिंह, शरद अवस्थी, संतोष सिंह, अवधेश श्रीवास्तव, शशांक कुसुमेश, अरविंद मौर्य, हरगोविंद सिंह, अमरीश रावत, रामकुमारी मौर्य, प्रवासी राजकिशोर मौर्य, विजय आनंद बाजपेई, जगदीश गुप्ता, रोहित सिंह, पवन सिंह रिंकू, सिद्धार्थ अवस्थी सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।