बैटरी की दुकान पर चोरों ने बोला धावा, कर्मचारी पर लगा आरोप, पुलिस ने किया गिरफ्तार

फतेहपुर-बाराबंकी। कस्बा बेलहरा स्थित एक बैटरी दुकान से बड़ी चोरी का मामला सामने आया है, जिसमें दुकान मालिक ने अपने ही कर्मचारी पर चार कीमती बैटरियां चोरी करने का आरोप लगाया है। चोरी गई बैटरियों की कीमत लगभग एक लाख रुपये बताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी कर्मचारी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।
मामला थाना मो0पुर खाला क्षेत्र के कस्बा बेलहरा का है। नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड कछुवाहन पुरवा निवासी मोहित सिंह की मौर्या मार्केट में “मोहित इंटरप्राइजेज” नाम से बैटरी की दुकान संचालित है। बीती रात चोरों ने दुकान के पीछे लगे दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और वहां रखी चार बड़ी कीमती बैटरियां चोरी कर फरार हो गए।
मंगलवार सुबह जब दुकान मालिक दुकान खोलने पहुंचे तो पीछे का दरवाजा खुला मिला और दुकान में रखी चार बड़ी बैटरियां गायब थीं। इसके बाद पीड़ित ने पुलिस को दी गई तहरीर में अपने कर्मचारी सुहेल पुत्र प्रदन घोसी निवासी मोहल्ला खाले टोला कस्बा बेलहरा पर चोरी का आरोप लगाया।
पुलिस की सख्त पूछताछ के दौरान आरोपी कर्मचारी ने बैटरी चोरी की बात स्वीकार कर ली। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गई चारों बैटरियां बरामद कर ली हैं। इस संबंध में चौकी प्रभारी अरविंद पटेल ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और जांच के उपरांत विधिक एवं आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।