
फतेहपुर-बाराबंकी। कस्बा बेलहरा में स्थित एक बैटरी दुकान से चार महंगी बैटरियों की चोरी का मामला सामने आया है। दुकान मालिक ने अपने ही कर्मचारी पर चोरी का आरोप लगाया है। चोरी गई बैटरियों की कीमत लगभग एक लाख रुपये बताई जा रही है। शिकायत मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया और पूछताछ के दौरान चोरी का खुलासा किया।
यह मामला थाना मो०पुर खाला क्षेत्र के कस्बा बेलहरा का है। नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड कछुवाहन पुरवा निवासी मोहित सिंह की मौर्या मार्केट में “मोहित इंटरप्राइजेज” नाम से बैटरी की दुकान संचालित है। बीती रात चोरों ने दुकान के पीछे लगे दरवाजे का ताला तोड़ दिया और दुकान में रखी चार बड़ी कीमती बैटरियां चोरी कर फरार हो गए।
मंगलवार सुबह जब दुकान मालिक दुकान खोलने पहुंचे तो पीछे का दरवाजा खुला मिला और अंदर रखी चारों बड़ी बैटरियां गायब थीं। इसके बाद दुकान मालिक ने पुलिस को दी गई तहरीर में अपने कर्मचारी सुहेल पुत्र प्रदन घोसी निवासी मोहल्ला खाले टोला, कस्बा बेलहरा पर चोरी का आरोप लगाया।
पुलिस द्वारा की गई सख्त पूछताछ में आरोपी युवक ने बैटरी चोरी की बात स्वीकार कर ली। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की गई चारों बैटरियां बरामद कर ली हैं। इस संबंध में चौकी प्रभारी अरविंद पटेल ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले में जांच के उपरांत विधिक एवं आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।