
फतेहपुर-बाराबंकी। बुधवार को करीब तीन बजे कस्बा त्रिलोकपुर के बरुवा गांव के पास तेज रफ्तार कार और बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार रामगोपाल सिंह (50) की हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि उनकी पत्नी पूनम सिंह को मामूली चोटें आई हैं।
जानकारी के अनुसार, रामगोपाल और उनकी पत्नी पूनम सिंह बाइक से बाबा खाटू श्याम मंदिर दर्शन कर लौट रहे थे। इसी दौरान बरुवा गांव के पास अचानक सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार कार के नीचे फंसकर घिसटते हुए पास के तालाब में जा गिरा। महिला उछलकर दूर जा गिरी।
घटना की आवाज सुनकर पास में खेत में काम कर रहे लोगों ने मौके पर पहुंचकर घायल व्यक्ति को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने घायल रामगोपाल सिंह को एम्बुलेंस से सीएचसी फतेहपुर भेजा, जहां उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया।
कोतवाली फतेहपुर के प्रभारी अमित प्रताप सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। फिलहाल पीड़ित पक्ष की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।