संगठित हिंदू समर्थ भारत, आपस में कोई भेदभाव नहीं, हम सभी एक हैं: कौशल जी व महामंडलेश्वर रवि गिरी महाराज

बहराइच। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर नानपारा नगर स्थित शिवाले बाग परिसर में भव्य हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में मुख्य वक्ता के रूप में प्रांत प्रचारक कौशल जी तथा मुख्य अतिथि के रूप में श्री सिद्धनाथ पीठाधीश्वर महामंडलेश्वर श्री रवि गिरी जी महाराज एवं विशिष्ट अतिथि शिवाले बाग के महंत वीरेंद्र गिरी जी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता के चित्र पर पुष्पार्चन एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए महामंडलेश्वर स्वामी रवि गिरी जी महाराज ने कहा कि हम सभी ईश्वर के अंश हैं और आपसी भेदभाव को छोड़कर यह स्मरण रखना चाहिए कि हम सभी हिंदू हैं। उन्होंने शंकराचार्य के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि सनातन परंपरा में जातिगत भेदभाव का कोई स्थान नहीं है। देश को एकता के सूत्र में बांधने के लिए आदि शंकराचार्य ने चारों दिशाओं को एक सूत्र में पिरोया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवक भारत माता को परम वैभव पर पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं और हम सभी को अपने राष्ट्र व धर्म पर गर्व होना चाहिए।
प्रांत प्रचारक कौशल जी ने कहा कि संघ शताब्दी वर्ष के अवसर पर पंच परिवर्तन का विषय लिया गया है, जिसमें कुटुंब प्रबोधन, सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण, स्वभाव का जागरण एवं नागरिक कर्तव्य प्रमुख हैं। उन्होंने कहा कि आज कुटुंब व्यवस्था कमजोर हो रही है, जबकि भारतीय संस्कृति में परिवार का अत्यंत महत्वपूर्ण स्थान है। समाज विरोधी शक्तियां सामाजिक समरसता को तोड़ने का प्रयास कर रही हैं, जिससे सभी को संगठित रहना आवश्यक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सनातन धर्म में जातिगत भेदभाव का कोई स्थान नहीं है और भारत के सभी लोगों के पूर्वज एक हैं।
कौशल जी ने कहा कि सनातन संस्कृति का चिंतन वैश्विक है, जिसमें पूरी वसुधा को परिवार माना गया है। यदि हम संगठित रहेंगे तो कोई भी शक्ति हमें क्षति नहीं पहुंचा सकती। उन्होंने स्वामी विवेकानंद, डॉ. हेडगेवार, गुरु तेग बहादुर जी और प्रभु श्रीराम के जीवन से उदाहरण देते हुए धर्म, साहस, सेवा और सामाजिक समरसता पर बल दिया।
कार्यक्रम के उपरांत सहभोज का आयोजन भी किया गया। इस अवसर पर विभाग प्रचारक कृष्ण कुमार, विभाग प्रचार प्रमुख अतुल गौड़, कार्यक्रम संयोजक आनंद, नगर प्रचारक बलजीत, जिला कार्यवाह दिलीप, धर्मजागरण प्रचारक सर्वेश, तीरथ राम, विवेक शुक्ल एडवोकेट, अनिल कुशवाहा, योगेंद्र मौर्य उर्फ पिंटू मौर्य, मनोज गुप्ता, जसप्रीत, रोहित चौरसिया, अमित कुमार, राजकुमार यादव, विधायक रामनिवास सहित नगर व क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक एवं हजारों की संख्या में हिंदू परिवार उपस्थित रहे।