हरदोई में बिलग्राम थाना क्षेत्र में जमीनी विवाद में खूनी झड़प, महिलाओं समेत कई घायल, एक की हालत गंभीर

बिलग्राम (हरदोई)।थाना बिलग्राम क्षेत्र के पन्योंडी गांव में जमीनी विवाद और कब्जेदारी को लेकर दो पक्षों के बीच गुरुवार को हिंसक झड़प हो गई। मामूली कहासुनी से शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया, जिसमें महिलाओं समेत कई लोग घायल हो गए। एक घायल की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घायल महिला पूजा देवी ने बताया कि उसकी ननद गोबर लेकर खेत पर पहुंची थी, जहां कंडा टूटे और बिखरे मिले। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ। शोर सुनकर पूजा देवी और उसकी छोटी ननद भी मौके पर पहुंचीं। आरोप है कि उसी दौरान जय सिंह और ओमप्रकाश, जो जंगल की ओर जा रहे थे, अपने पास कुल्हाड़ी और बांका लिए हुए थे। उन्होंने गाली-गलौज करते हुए दोनों युवतियों पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया और पूजा देवी के साथ मारपीट की।
आरोप है कि इसके बाद विपक्षी पक्ष के घर से आई महिलाओं ने भी लाठी-डंडों और लात-घूंसों से जमकर मारपीट की। पूजा देवी का कहना है कि हमलावरों ने उसके बाल पकड़कर उसे घसीटा और बेरहमी से पीटा। घटना में दोनों पक्षों के लोग घायल हुए हैं।
घायलों में निशा राजपूत पत्नी अमरसिंह, विमला पत्नी उदयवीर, लक्ष्मी पत्नी मोनू, रोशनी देवी पत्नी अमरसिंह, राम लड़ेती पत्नी धनीराम, गीता पत्नी राम सिंह, अर्चना (17) पुत्री राजेश, रीता पुत्री राजेंद्र, पूजा देवी पत्नी नीरज, नन्हीं पत्नी राजेश तथा छोटा पुत्र राम औतार शामिल हैं। इनमें राम औतार की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस का कहना है कि मामला जमीनी विवाद से जुड़ा है और दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।