कासगंज में अपराधियों के हौसले बुलंद, बाजार से युवती को खींचने का प्रयास, दो आरोपी पकड़े गए

कासगंज।जनपद कासगंज में अपराधियों के हौसले इन दिनों बुलंद नजर आ रहे हैं। दिनदहाड़े भी अपराध करने से बेखौफ बदमाशों की करतूत उस समय सामने आई, जब कोतवाली क्षेत्र में अपनी मां के साथ बाजार करने आई एक युवती को दो नामजद युवकों ने जबरन खींचकर ले जाने का प्रयास किया।
घटना के दौरान युवती की मां की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद दुकानदार और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और साहस दिखाते हुए दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
पीड़िता की मां ने शहर कोतवाली में दी गई तहरीर में बताया कि वह सोरों क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली है और गुरुवार दोपहर अपनी बेटी के साथ कासगंज शहर बाजार आई थी। इसी दौरान दो युवकों ने उसकी बेटी को जबरन खींचकर ले जाने की कोशिश की। शोर मचाने पर स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।
पुलिस का कहना है कि पीड़िता की मां की तहरीर के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है।