
फतेहाबाद । थाना डौकी पुलिस ने जेबकटी की एक वारदात का सफल खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि उसका दूसरा साथी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से नकदी और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार चेकिंग के दौरान अभियुक्त गौरव पुत्र फुलन सिंह, निवासी तहसील चौराहा थाना शिकोहाबाद जनपद फिरोजाबाद को गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त के पास से 7,500 रुपये नकद तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल संख्या यूपी 83 बीडब्ल्यू 2942 बरामद की गई है। वहीं इस मामले में दूसरा अभियुक्त सुल्तान पुत्र चरन सिंह उर्फ चन्ना, निवासी ग्राम विष्णुपुरा थाना बाह मौके से फरार हो गया, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों द्वारा लगातार दबिश दी जा रही है।
थानाध्यक्ष डौकी सुनीत शर्मा ने बताया कि 27 अक्टूबर को सतीश चंद्र पुत्र नवाब सिंह, निवासी धमौटा डौकी अपनी बेटी की शादी के लिए सामान खरीदने आगरा जा रहे थे। वह सड़क किनारे कुडौल अड्डा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान गायत्री आश्रम के पास बाइक सवार दो युवकों ने उनसे कुवेरपुर जाने का रास्ता पूछा और बहाने से रमाडा कट तक उन्हें बाइक पर बैठा लिया। इसके बाद करीब आधा किलोमीटर आगे ले जाकर उन्हें बाइक से उतार दिया और उनकी जेब में रखे 50 हजार रुपये लेकर फरार हो गए थे।
पीड़ित की तहरीर पर थाना डौकी में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने मामले की जांच करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर वारदात का खुलासा कर दिया है। फरार अभियुक्त की गिरफ्तारी के प्रयास लगातार जारी हैं।