
फतेहपुर-बाराबंकी। क्षेत्र के ग्राम बहरौली स्थित पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय का उपनिदेशक बेसिक शिक्षा अधिकारी मनोज कुमार वर्मा ने सहयोगी अधिकारियों के साथ औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई, मिड-डे मील (एमडीएम) सहित विद्यालय की समस्त शैक्षणिक एवं भौतिक व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। जर्जर व्यवस्थाएं पाए जाने पर उपनिदेशक ने विद्यालय के प्रधानाचार्य को कड़ी फटकार लगाई।
शिक्षा खंड फतेहपुर के गांव बहरौली में उस समय हड़कंप मच गया, जब विद्यालय स्टाफ को उपनिदेशक के आगमन की सूचना मिली। आनन-फानन में कुछ ही मिनटों में व्यवस्थाएं दुरुस्त करने का प्रयास किया गया। निरीक्षण टीम में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी नवीन कुमार पाठक और खंड शिक्षा अधिकारी सुषमा सेंगर भी शामिल रहे। टीम ने कक्षाओं में पठन-पाठन की गुणवत्ता, कंप्यूटर लैब, डिजिटल लाइब्रेरी, शौचालय, आईसीटी कक्ष और पेयजल व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया।
उपनिदेशक ने शिक्षकों को निर्देशित किया कि बच्चों में अनुशासन, देशप्रेम, सामाजिक संस्कार और परंपराओं के प्रति समर्पण विकसित करने वाला पठन-पाठन कराया जाए, साथ ही आधुनिक शिक्षा का समुचित समावेश भी सुनिश्चित हो। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन को अवगत कराया कि आगामी दिनों में महानिदेशक बेसिक शिक्षा अधिकारी का जिले में आगमन प्रस्तावित है, इसलिए सभी विद्यालयों को पूरी तैयारी के साथ रखा जाए।
निरीक्षण कार्यक्रम के तहत उपनिदेशक बेसिक शिक्षा अधिकारी के नेतृत्व में निंदुरा क्षेत्र स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय का भी निरीक्षण किया जाएगा। इसके पश्चात हरित क्रांति का संदेश देते हुए उपनिदेशक ने विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण किया। इस अवसर पर आरपी अलका सिंह, शिव शंकर सिंह, हरि प्रकाश शुक्ला, ओमकार वर्मा, हिमेश ठाकुर, कमल कुमार सहित अनेक कर्मचारी उपस्थित रहे।