
मसौली, बाराबंकी। राज्यसभा सांसद एवं पूर्व आईपीएस अधिकारी बृजलाल ने विकसित भारत जी रामजी जन जागरण अभियान के तहत ग्रामीणों से संवाद करते हुए केंद्र सरकार की योजनाओं और देश की आर्थिक प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज भारत विश्व की अर्थव्यवस्थाओं में चौथे स्थान पर पहुंच चुका है और आगामी दो वर्षों में तीसरे स्थान पर आ जाएगा। देश की यह प्रगति किसी से छिपी नहीं है।
विकासखंड मसौली की ग्राम पंचायत मुबारकपुर एवं मजरे नयागांव में आयोजित जन जागरण अभियान के दौरान सांसद बृजलाल ने कहा कि पूर्व की सरकारें आतंकवादी घटनाओं की केवल निंदा तक सीमित रहती थीं, जबकि आज भारत मुंहतोड़ जवाब देने में सक्षम है। उन्होंने कहा कि डिजिटल इंडिया के माध्यम से देश ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है और किसान सम्मान निधि, वृद्ध, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन, आवास सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं की धनराशि सीधे लाभार्थियों के खातों में पहुंच रही है।
सांसद बृजलाल ने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा को विकसित भारत जी रामजी योजना के रूप में नया स्वरूप दिया गया है। इस योजना के अंतर्गत अब 100 दिनों के बजाय 125 दिनों तक रोजगार की गारंटी दी जाएगी। मजदूरी का भुगतान कार्य समाप्ति के आठवें दिन सीधे खातों में पहुंचेगा और यदि किसी कारणवश भुगतान में देरी होती है तो ब्याज सहित धनराशि दी जाएगी। योजना में जलभराव, पेयजल व्यवस्था और महिला समूहों को भवन निर्माण जैसे कार्यों से जोड़ने का भी प्रावधान किया गया है, जिससे गांवों के विकास को गति मिलेगी।
उन्होंने यह भी कहा कि 70 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों को आयुष्मान भारत योजना का लाभ दिया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान सांसद बृजलाल ने अपनी लिखी पुस्तकें इटवा फाइल्स, पुलिस की बारात, मेरा जीवन संघर्ष, लखनऊ के रंगबाज और इंडिया मुजाहिदीन निशाने पर गुजरात क्षेत्राधिकारी रामनगर गरिमा पंत एवं थाना प्रभारी मसौली अजय प्रकाश त्रिपाठी को भेंट कीं।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान कान्ती देवी, प्रतिनिधि विनोद कुमार, जिला पर्यावरण समिति सदस्य आशीष वर्मा, प्रभारी एडीओ पंचायत संजीव कुमार, पंचायत सचिव राम प्रकाश वर्मा, हेमंत वर्मा, संजय कृष्ण मोहन, अमर सिंह, विजय कुमार, डॉ. राजेंद्र प्रसाद, अशोक शर्मा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण व कार्यकर्ता मौजूद रहे।