
लखीमपुर खीरी। जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वाधान में चलाए जा रहे मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत दिनांक 21 जनवरी को जिले के विभिन्न ब्लॉकों में मजदूरों के हक, सम्मान और संविधान की रक्षा को लेकर चौपालों का आयोजन किया गया। इन चौपालों के माध्यम से ग्रामीण मजदूरों को मनरेगा से जुड़ी समस्याओं, अधिकारों और कांग्रेस की लड़ाई के बारे में जागरूक किया गया।
कांग्रेस प्रवक्ता रवि तिवारी ने जानकारी देते हुए बताया कि निघासन ब्लॉक के ग्राम हरसिंहपुर में जिला उपाध्यक्ष मोहन चंद्र उप्रेती की अगुवाई में चौपाल आयोजित की गई। वहीं बांकेगंज ब्लॉक के न्याय पंचायत अलीगंज कुसमौरी में के.के. मिश्रा की अध्यक्षता में चौपाल संपन्न हुई। इसके साथ ही न्याय पंचायत जटपुरवा के ग्राम सुखनी में जिला कोऑर्डिनेटर शिप्रा अवस्थी के नेतृत्व में मनरेगा बचाओ चौपाल का आयोजन किया गया। फूलबेहड़ में भी नुक्कड़ चौपाल का आयोजन हुआ, जिसे रामपाल शाक्य ने संबोधित किया।
चौपालों को संबोधित करते हुए जिला कोऑर्डिनेटर शिप्रा अवस्थी एवं जिला उपाध्यक्ष मोहन चंद्र उप्रेती ने कहा कि कांग्रेस मजदूरों के हक और सम्मान की लड़ाई लगातार लड़ रही है और आगे भी पूरी मजबूती से लड़ेगी। उन्होंने कहा कि मनरेगा केवल एक योजना नहीं, बल्कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के संविधान और सामाजिक न्याय की बुनियाद है। जब मजदूर मजबूत होगा, तभी देश का लोकतंत्र मजबूत रहेगा। मनरेगा बचेगी तो गरीब बचेगा और संविधान बचेगा तो भारत बचेगा।
इन कार्यक्रमों में कृष्ण कुमार मिश्रा, रामपाल शाक्य, लतीफ आजम, रघुनंदन राज पासी, राजेश अवस्थी, डॉ. जब्बार, राहुल कुमार विश्वकर्मा, छोटे अंसारी, अनूप कुमार, रामप्रसाद विश्वकर्मा, उद्देश्य गिरी, इनायत अली, हिमांशु मिश्रा, डॉ. इसरार खान, अनीस अहमद, अवधेश कुमार सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता और ग्रामीण उपस्थित रहे।