उन्नाव से हरदोई जा रहे बार एसोसिएशन अध्यक्ष की स्कॉर्पियो पेड़ से टकराई, सात अधिवक्ता घायल

बिलग्राम (हरदोई)। बुधवार को उन्नाव से हरदोई जा रहे उन्नाव बार एसोसिएशन अध्यक्ष सतीश कुमार शुक्ला की स्कॉर्पियो बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत कटरा–बिल्हौर नेशनल हाईवे पर ग्राम रोशनपुर के पास भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। बताया गया कि आगे चल रहे एक विक्रम टैंपो चालक ने बिना किसी संकेत के अचानक वाहन को विपरीत दिशा में मोड़ दिया। टैंपो को बचाने के प्रयास में स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई।
हादसे में स्कॉर्पियो सवार सभी अधिवक्ता घायल हो गए।

बार एसोसिएशन अध्यक्ष सतीश कुमार शुक्ला के हाथ में फ्रैक्चर सहित गंभीर चोटें आईं, जबकि अधिवक्ता विजय सिंह, शिवांगी शुक्ला, वाहन चालक समेत कुल सात लोग घायल हुए हैं। वहीं दुर्घटना में शामिल टैंपो चालक शमशुद्दीन पुत्र लियाकत निवासी ग्राम हीरा रोशनपुर की हालत गंभीर होने पर उसे भी जिला अस्पताल रेफर किया गया।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही विश्व हिंदू परिषद के जिला उपाध्यक्ष कृष्ण कुमार तिवारी उर्फ सोनू, ग्राम प्रधान रुदामऊ मौके पर पहुंचे और मानवीय पहल करते हुए घायलों को अपने वाहन से बिलग्राम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल अधिवक्ताओं को जिला अस्पताल हरदोई भेजा गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की सहायता से राहत एवं बचाव कार्य किया तथा क्षतिग्रस्त वाहन को हटवाकर यातायात व्यवस्था को सुचारु कराया।