यातायात सुरक्षा को लेकर एनएसएस की जागरूकता रैली, नियमों के पालन का दिया संदेश

फतेहाबाद। राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई, जनता इंटर कॉलेज के सात दिवसीय विशेष शिविर के चतुर्थ दिवस गुरुवार को यातायात सुरक्षा अभियान के अंतर्गत जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली के माध्यम से स्वयंसेवकों ने आमजन को सुरक्षित और सुखद यात्रा के लिए यातायात नियमों के पालन का संदेश दिया।
रैली में स्वयंसेवकों ने यातायात नियमों को अपनाना है, यात्रा को सुरक्षित बनाना है, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट जरूर लगाएं और नशे में गाड़ी चलाना मौत को न्योता देना है जैसे नारों के साथ हस्तलिखित स्लोगन तख्तियां लेकर लोगों को जागरूक किया। इसके साथ ही नुक्कड़ नाटक के माध्यम से भी सड़क एवं यातायात सुरक्षा का प्रभावी संदेश दिया गया।
स्वयंसेविकाओं के दलों ने दोपहिया वाहन चालकों को पुष्प भेंट कर हेलमेट पहनने तथा चौपहिया वाहन चालकों से सीट बेल्ट लगाने की अपील की। लोगों से नियमों का पालन कर स्वयं और दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया।
बौद्धिक सत्र में सहायक पुलिस आयुक्त अनिल कुमार ने पुलिस सेवाओं, साइबर फ्रॉड से बचाव और यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी दी। वहीं उपनिरीक्षकों ने सड़क सुरक्षा योजनाओं एवं मिशन शक्ति 5.0 के तहत हेल्पलाइन नंबर 1090 और 112 की जानकारी देते हुए इनके उपयोग के बारे में जागरूक किया।