
फतेहाबाद। ग्राम जागराजपुर में रेलवे पुलिया के समीप नवनिर्मित पुलिया किसानों के लिए भारी परेशानी का कारण बन गई है। पुलिया निर्माण के दौरान किसानों का वर्षों पुराना कृषि मार्ग तोड़ दिया गया, जिससे दर्जनों किसानों की सैकड़ों बीघा उपजाऊ भूमि तक पहुंच पूरी तरह बंद हो गई है। खेतों तक रास्ता न होने से खड़ी फसलें नष्ट होने की कगार पर हैं और किसानों के सामने गंभीर आजीविका संकट खड़ा हो गया है।
किसानों की पीड़ा को देखते हुए गुरुवार को तहसीलदार फतेहाबाद बबलेश कुमार ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने किसानों व ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और वस्तुस्थिति का जायजा लिया। इस दौरान समाजवादी पार्टी फतेहाबाद प्रभारी राजेश कुमार शर्मा किसानों के साथ मौजूद रहे। तहसीलदार ने किसानों को रास्ता खुलवाने का आश्वासन देते हुए शासन को प्रस्ताव भेजने की बात कही।
ग्रामीणों ने बताया कि रेलवे विभाग द्वारा वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध नहीं कराया गया है और कई किलोमीटर तक कोई दूसरा रास्ता भी नहीं है। इससे किसानों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
सपा प्रभारी राजेश कुमार शर्मा ने कहा कि किसानों का अपनी ही जमीन तक न पहुंच पाना दुर्भाग्यपूर्ण है। यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो समाजवादी पार्टी आंदोलन करने को मजबूर होगी। मौके पर पूर्व चेयरमैन शैलेश यादव सहित सैकड़ों किसान व ग्रामीण उपस्थित रहे।