बूथ की मजबूती से ही खिलेगा विकास का कमल: नितिन नबीन


मथुरा। ब्रज की पावन धरा रविवार को केसरिया रंग में सराबोर नजर आई। अवसर था भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के प्रथम मथुरा आगमन का। वृंदावन स्थित अक्षय पात्र चंद्रोदय मंदिर से लेकर ठाकुर श्री बांके बिहारी मंदिर तक संगठन की एकजुटता, कार्यकर्ताओं का उत्साह और जनसमर्थन यह दर्शाने के लिए पर्याप्त था कि आगामी चुनावी चुनौतियों के लिए भाजपा पूरी तरह तैयार है।
कार्यक्रम की भव्यता उस समय और बढ़ गई जब स्वागत मंच पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं मौजूद रहे। मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय अध्यक्ष की उपस्थिति ने कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार किया। मंच पर राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत गौतम, उत्तर प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और प्रदेश उपाध्यक्ष संतोष सिंह सहित कई वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी ने इसे बड़े संगठनात्मक शक्ति प्रदर्शन में बदल दिया।
अपने प्रवास की शुरुआत राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने वृंदावन स्थित अक्षय पात्र चंद्रोदय मंदिर से की, जहां उन्होंने संगठन के पदाधिकारियों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ को सुना। इसके बाद उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा दुनिया का सबसे बड़ा राजनीतिक दल इसलिए है क्योंकि उसके पास निष्ठावान और समर्पित कार्यकर्ताओं की ताकत है। उन्होंने कहा कि उनका मथुरा आगमन केवल एक दौरा नहीं, बल्कि इस पावन भूमि से आशीर्वाद लेकर संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का संकल्प है। नितिन नबीन ने जोर देते हुए कहा कि आगामी चुनावों में सफलता का रास्ता बूथ स्तर की मजबूती से होकर जाता है। जब बूथ का कार्यकर्ता सक्रिय होता है, तभी दिल्ली और लखनऊ में कमल खिलता है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में ब्रज क्षेत्र के सांस्कृतिक और आध्यात्मिक महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि ब्रज भूमि धर्म, संस्कृति और कर्म की संगम स्थली है। उन्होंने पूर्ववर्ती सरकारों पर मथुरा-वृंदावन की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि आज यहां विकास की नई तस्वीर दिखाई दे रही है। ब्रज तीर्थ विकास परिषद के माध्यम से वृंदावन से लेकर गोवर्धन तक विकास कार्य तेजी से हो रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे घर-घर जाकर सरकार की उपलब्धियों और सुशासन का संदेश पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश आज अपराध मुक्त होकर निवेश का बड़ा केंद्र बन चुका है, जिसमें संगठन और कार्यकर्ताओं की अहम भूमिका है।
मीडिया प्रभारी श्याम शर्मा ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने दोपहर करीब 12.20 बजे ठाकुर श्री बांके बिहारी मंदिर पहुंचकर दर्शन-पूजन किया और राष्ट्र कल्याण की कामना की। भारी सुरक्षा व्यवस्था और कार्यकर्ताओं के जयघोष के बीच वे भक्ति के रंग में रंगे नजर आए। इसके अलावा वृंदावन कट स्थित शिव ढाबा पर महानगर कार्यकर्ताओं द्वारा उनका भव्य स्वागत किया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में जिला प्रभारी अशोक कटारिया, जिला महानगर अध्यक्ष हरिशंकर राजू यादव, जिलाध्यक्ष निर्भय पांडे सहित संगठन के कई पदाधिकारियों ने सक्रिय भूमिका निभाई। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री चौ. लक्ष्मीनारायण, मंत्री संदीप सिंह, पूर्व मंत्री एवं मथुरा-वृंदावन विधायक श्रीकांत शर्मा, विधायक ठाकुर मेघश्याम सिंह, विधायक राजेश चौधरी, विधायक पूरन प्रकाश, महापौर विनोद अग्रवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष किशन सिंह चौधरी सहित ब्रज क्षेत्र के सांसदों, विधायकों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।