
गोला गोकर्णनाथ, लखीमपुर खीरी। सी. जी. एन. पी. जी. कॉलेज, गोला जिला लखीमपुर खीरी में संचालित इग्नू अध्ययन केंद्र संख्या 27131 में जनवरी सत्र 2026 के लिए प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। इग्नू क्षेत्रीय केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ क्षेत्रीय निदेशक डॉ. अनिल कुमार मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) के जनवरी सत्र 2026 में ऑनलाइन एवं ओडीएल विधा के अंतर्गत स्नातक, परास्नातक, डिप्लोमा एवं परास्नातक डिप्लोमा कार्यक्रमों में प्रवेश तथा री-रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 15 फरवरी 2026 निर्धारित की गई है। इग्नू में वर्ष में दो बार जनवरी एवं जुलाई सत्र में प्रवेश की सुविधा उपलब्ध रहती है।
इग्नू अध्ययन केंद्र 27131 में बी.ए., बी.कॉम, एम.ए. (हिंदी, अंग्रेजी, समाजशास्त्र, राजनीति शास्त्र, इतिहास, ग्रामीण विकास) के साथ-साथ छह माह के विभिन्न रोजगारपरक सर्टिफिकेट कोर्स तथा एक वर्षीय डिप्लोमा पाठ्यक्रम जैसे आपदा प्रबंधन, ग्रामीण विकास, अनुवाद, खाद्य एवं पोषण आदि में ऑनलाइन प्रवेश प्रारंभ है। इसके लिए आवेदकों को अपना स्वचालित स्थायी शैक्षणिक खाता (APAAR) पंजीकरण तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं। प्रवेश हेतु डीईबी आईडी बनाना अनिवार्य होगा, जिसके बिना आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा।
आवेदकों को शैक्षिक योग्यता प्रमाण-पत्र, अनुभव प्रमाण-पत्र (यदि लागू हो), अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति अथवा अन्य पिछड़ा वर्ग प्रमाण-पत्रों की प्रतियां, स्कैन की गई फोटो एवं हस्ताक्षर अपलोड करने होंगे। यह भी बताया गया कि इग्नू में वे छात्र भी प्रवेश ले सकते हैं जिनके इंटरमीडिएट में 40 प्रतिशत से कम अंक हैं, जिन्होंने इंटर प्राइवेट किया है या जिनका गैप ईयर है। छात्रों को पाठ्य सामग्री (पुस्तकें) इग्नू द्वारा निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी।
अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए बी.ए. एवं बी.कॉम पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रोसेसिंग फीस सहित मात्र 50 प्रतिशत शुल्क में किया जा रहा है। इग्नू मुक्त, दूरस्थ एवं डिजिटल मोड में उच्च शिक्षा प्रदान करने वाला देश का अग्रणी केंद्रीय विश्वविद्यालय है, जो कम लागत में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराता है। उच्च शिक्षा के इच्छुक अभ्यर्थी इग्नू में प्रवेश लेकर अपने ज्ञान, कौशल और करियर को नई दिशा दे सकते हैं। इग्नू में प्रवेश के लिए टी.सी. या माइग्रेशन की आवश्यकता नहीं होती है।