मैलानी में निःशुल्क मोतियाबिंद शिविर का हुआ आयोजनमैलानी-खीरी।

मैलानी नगर के सिद्धि विनायक पब्लिक स्कूल परिसर में निःशुल्क मोतियाबिंद शिविर का आयोजन प्रातः 09:00 बजे से दोपहर 01:00 बजे तक किया गया। इस शिविर का आयोजन मैलानी नगर पंचायत अध्यक्ष कीर्ति माहेश्वरी के सौजन्य से संपन्न हुआ। शिविर में डॉ. श्राफ चैरिटी आई हॉस्पिटल के विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने पहुंचकर मरीजों की जांच की। चिकित्सकों का स्वागत जिला उपाध्यक्ष गुरमीत कौर द्वारा पटका पहनाकर किया गया।
शिविर के दौरान मोतियाबिंद से संबंधित निःशुल्क जांच की गई तथा मरीजों को आवश्यक परामर्श दिया गया। जिन मरीजों में ऑपरेशन की आवश्यकता पाई गई, उन्हें ऑपरेशन कराने की सलाह दी गई। मोतियाबिंद मरीजों के लिए निःशुल्क अस्पताल तक आने-जाने एवं भोजन की व्यवस्था भी की गई थी। जिन मरीजों के आयुष्मान कार्ड बने हुए थे, वे अपना आयुष्मान कार्ड, आधार कार्ड एवं मोबाइल नंबर लेकर पहुंचे, जबकि जिनका आयुष्मान कार्ड नहीं बना था, वे आधार कार्ड एवं मोबाइल नंबर के साथ शिविर में उपस्थित हुए।
शिविर में कुल 64 मरीजों की ओपीडी की गई, 11 मोतियाबिंद के मरीज चिन्हित किए गए तथा 18 मरीजों का पंजीकरण किया गया। मरीजों की जांच मुख्य चिकित्सक डॉ. फौजिया रहीम के नेतृत्व में सहायक चिकित्सक डॉ. अमित राठौर, समीर अली एवं शोभित दीक्षित तथा सहयोगी स्टाफ द्वारा की गई।
इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष गुरमीत कौर, द्वारिका प्रसाद गोयल, रागिनी कुशवाहा, हरिहर दत्त मिश्र सहित भाजपा कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।