
रिपोर्ट : पंकज चतुर्वेदी
रामनगर, बाराबंकी। सोशल मीडिया पर वायरल होने के लिए सिगरेट पीते हुए मालगाड़ी के पीछे खतरनाक रील बनाना युवकों को भारी पड़ गया। आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त कार्रवाई में फतेहपुर से पांच लोगों को गिरफ्तार कर रेलवे एक्ट के तहत जेल भेज दिया गया।
बुढ़वल जंक्शन के आरपीएफ पोस्ट कमांडर रवि कुमार एवं जीआरपी प्रभारी जयंत दुबे ने बताया कि कुछ दिन पूर्व ट्विटर पर एक रील वायरल हुई थी, जिसमें बुढ़वल जंक्शन के पीछे खड़ी खादी मालगाड़ी पर चढ़कर रील बनाते हुए युवक दिखाई दे रहे थे। मामले को गंभीरता से लेते हुए आरपीएफ व जीआरपी ने संयुक्त चेकिंग और साइबर पेट्रोलिंग शुरू की।
मंगलवार दोपहर तहसील फतेहपुर रेलवे स्टेशन पर खड़ी मालगाड़ी के गार्ड ब्रेक पर सिगरेट पीते हुए रील बनाकर इंस्टाग्राम पर पोस्ट करने वाले पांच लोगों को रंगे हाथ पकड़ा गया। गिरफ्तार आरोपियों में मो. उमर और मो. फरदीन खान रील बनाते हुए पाए गए, जबकि उनके साथ तीन अन्य लोग रील बनाने में सहयोग कर रहे थे। इंस्टाग्राम अकाउंट की तस्दीक के बाद सभी के खिलाफ रेलवे एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेज दिया गया।