
लखनऊ। लखनऊ के रायबरेली रोड से चरण भट्ठा की ओर जाने वाले मार्ग पर शिव मंदिर के पास पंचम खेड़ा क्षेत्र में नाली चोक होने के कारण गंभीर जलभराव की स्थिति बनी हुई है। विजय कुमार पुत्र बाबूलाल के मकान से लेकर भगवती प्रसाद पुत्र क्षेदीलाल के मकान की ओर जाने वाली सड़क पर घरों का गंदा पानी दूर तक भरा हुआ है, जिससे राहगीरों और स्थानीय निवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
नाली की नियमित सफाई न होने के कारण घरों का गंदा पानी सड़क पर फैल गया है। इस समस्या से आमजन के साथ-साथ स्कूल जाने वाले बच्चों को भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। कीचड़ और बदबू के कारण लोगों का घर से निकलना तक दूभर हो गया है।
स्थानीय निवासी शिवशंकर, आनंद कुमार, राजाराम, सोनू, चंदन कुमार, बंटी, हनुमान, अश्विनी कुमार, धर्मेंद्र कुमार, ओमप्रकाश, अयोध्या प्रसाद, बेचालाल, कमलेश, अजीज, जमुना प्रसाद, रमेश कुमार और बनारसी समेत कई लोगों ने बताया कि उन्होंने इब्राहिमपुर वार्ड विद्यावती भाग-दो की स्थानीय पार्षद द्रौपदी रावत (पत्नी मनोज कुमार रावत) से कई बार शिकायत की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि पूरा इलाका लखनऊ नगर निगम के अंतर्गत आता है, इसके बावजूद सफाई कर्मी या संबंधित ठेकेदार कभी मौके पर झांकने तक नहीं आते। लोगों ने आरोप लगाया कि वार्डों में सफाई व्यवस्था के नाम पर लापरवाही बरती जा रही है, जिससे सरकार की मंशा पर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय नागरिकों ने नगर निगम से शीघ्र नाली सफाई और जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है।