
कुशीनगर जिले के रामकोला थाना क्षेत्र में गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आई 17 वर्षीय छात्रा की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही परिजनों और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन शव को लेकर रामकोला थाने पहुंचे और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
जानकारी के अनुसार यह हादसा 28 फरवरी को रामकोला-सिंगहा मार्ग पर हुआ था। बताया जाता है कि छात्रा अमीषा अपने छोटे भाई ऋषभ को बमनौली स्थित श्यामा देवी पब्लिक स्कूल से साइकिल से लेने जा रही थी। इसी दौरान बमनौली स्कूल के पास गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उसे टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने घायल छात्रा को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। बाद में उसे बेहतर उपचार के लिए संजय गांधी पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज लखनऊ में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतका अमीषा जनता इंटर कॉलेज रामकोला की हाईस्कूल की छात्रा थी। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार और पूरे गांव में मातम छा गया।
हादसे के बाद ग्रामीणों ने ट्रैक्टर-ट्रॉली और चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया था।
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक रामकोला धनवीर सिंह ने बताया कि अभी तक परिजनों की ओर से तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस आवश्यक विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।