अमांपुर में रामलीला विवाद ने पकड़ा तूल, युवक के सिर पर फरसे से वार करने का आरोप

सविता समाज पर कथित अभद्र टिप्पणी से नाराजगी, घायल युवक के मामले में कार्रवाई की मांग

बोबी ठाकुर | कासगंज

कासगंज। अमांपुर कस्बे में रामलीला मंचन के दौरान सविता समाज पर कथित अभद्र टिप्पणी का मामला अब मारपीट तक पहुंच गया है। मंगलवार को विवाद के संबंध में बातचीत करने अग्रवाल धर्मशाला पहुंचे एक युवक पर रामलीला के कलाकारों द्वारा हमला किए जाने का आरोप लगा है। आरोप है कि युवक के सिर पर फरसे से वार किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद सविता समाज के लोगों में आक्रोश है।

जानकारी के अनुसार, अमांपुर कस्बे के कॉलेज रोड स्थित अग्रवाल धर्मशाला में रामलीला का मंचन किया जा रहा है। आरोप है कि 17 अक्टूबर को मंचन के दौरान कुछ कलाकारों ने सविता समाज के खिलाफ अभद्र टिप्पणी की थी। इसको लेकर समाज के लोगों में नाराजगी थी।

मंगलवार को सुभाष नगर निवासी जितेंद्र श्रीवास्तव पुत्र राधेश्याम सविता कथित टिप्पणी के मामले में बातचीत करने अग्रवाल धर्मशाला पहुंचे थे। वहां उनकी रामलीला के कुछ कलाकारों से कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर कलाकारों ने उनके साथ मारपीट की और सिर पर फरसे से वार कर दिया। हमले में जितेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद सविता समाज के लोगों ने पुलिस को तहरीर देकर कथित अभद्र टिप्पणी करने और मारपीट में शामिल आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। मामले को लेकर क्षेत्र में नाराजगी बनी हुई है। अब पुलिस की जांच और कार्रवाई पर लोगों की निगाहें टिकी हैं।