दंगल और रसिया की गूंज के साथ अमानाबाद का वार्षिक मेला संपन्न, उमड़ा जनसैलाब

एत्मादपुर। थाना बरहन क्षेत्र के ग्राम कनराऊ अमानाबाद में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी वार्षिक मेले का भव्य आयोजन किया गया। मेले में क्षेत्र के गांवों के साथ दूर-दराज से आए लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। यह मेला क्षेत्र की सांस्कृतिक परंपरा और आपसी भाईचारे का प्रतीक बन चुका है, जिसमें लोगों ने उत्साह के साथ भाग लिया।
मेले के दौरान आयोजित कुश्ती दंगल कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा। विभिन्न अखाड़ों से आए पहलवानों ने अखाड़े में अपने दांव-पेच दिखाकर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। रोमांचक मुकाबलों के दौरान दर्शकों ने पहलवानों का उत्साहवर्धन किया और अखाड़ा तालियों से गूंजता रहा।
रात्रि में आयोजित रसिया कार्यक्रम ने मेले के माहौल को और भी रंगीन बना दिया। कलाकारों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों के माध्यम से ब्रज लोक संस्कृति की झलक पेश की, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग देर रात तक डटे रहे। रसिया गायन और लोकगीतों पर दर्शक झूमते नजर आए।
कार्यक्रम को सफल बनाने में गांव के बुजुर्गों और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों का विशेष सहयोग रहा। मेले के दौरान रामवीर सिंह (पूर्व प्रधान), कोमल सिंह बघेल (पूर्व ब्लॉक प्रमुख), रामवीर सिंह गौतम (पूर्व प्रधान), हरेन्द्र प्रताप सिंह, राजेश परमार, नवरत्न सिंह, लेखराज सिंह, हाकिम सिंह, हरी सिंह (पूर्व प्रधान), राकेश (पूर्व प्रधान), निन्नू गौतम, संतोष गौतम और योगेन्द्र सिंह सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
आयोजकों ने बताया कि अमानाबाद का यह मेला वर्षों से आपसी भाईचारे और उत्साह के साथ आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम के अंत में दंगल के विजेता पहलवानों को पुरस्कृत किया गया। शांतिपूर्ण और सफल आयोजन के लिए आयोजकों ने सभी सहयोगियों और ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया।